Delhi News: पूर्वी दिल्ली के पांडव नगर इलाके से पुलिस ने एक उबर राइडर को गिरफ्तार किया है, जिसने एक युवती से छेड़छाड़ कर उसका बैग और नकदी लूट ली थी। आरोपी की पहचान अजय रायल (28) के रूप में हुई है, जो गणेश नगर, पांडव नगर का रहने वाला है। पुलिस ने उसके पास से वह स्कूटी भी बरामद कर ली है, जिसका इस्तेमाल उसने वारदात के दौरान किया था।
क्या था पूरा मामला
24 अक्टूबर की दोपहर करीब 3:40 बजे, युवती उत्तराखंड के अल्मोड़ा से बस द्वारा आनंद विहार ISBT पहुंची थी। वहां से उसने खोडा कॉलोनी जाने के लिए उबर बाइक बुक की। लेकिन आरोपी ड्राइवर ने रास्ता बदल दिया और गाड़ी को कॉमनवेल्थ गेम्स विलेज के पास सुनसान इलाके में ले गया। वहां उसने युवती से छेड़छाड़ की और जब युवती ने शोर मचाया, तो आसपास की झुग्गियों से दो लोग मदद के लिए बाहर आए। यह देखकर आरोपी मौके से भाग गया और भागते हुए युवती का बैग छीन लिया, जिसमें करीब 5,000 रुपये नकद और कुछ निजी सामान था। वह युवती का मोबाइल छीनने की कोशिश भी कर रहा था, लेकिन युवती ने विरोध किया। बाद में पीड़िता ने पटपड़गंज इंडस्ट्रियल एरिया थाने में शिकायत दर्ज कराई।
कैसे पकड़ा गया आरोपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए SHO की देखरेख में एक विशेष टीम बनाई गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपी का पीछा किया और पता चला कि उसने उबर की रजिस्टर्ड स्कूटी की बजाय दूसरी स्कूटी का इस्तेमाल किया था। तकनीकी निगरानी और स्थानीय सूत्रों की मदद से पुलिस ने अजय रायल को गणेश नगर से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल किया और बताया कि लूट के बाद उसने बैग फेंक दिया था। बाद में सीसीटीवी में एक कबाड़ी को वह बैग उठाते हुए भी देखा गया। पुलिस अब उस कबाड़ी की भी तलाश कर रही है।
आरोपी अजय रायल 12वीं पास है और पिछले कुछ समय से उबर राइडर के रूप में काम कर रहा था। वह अपने परिवार के साथ गणेश नगर में रहता है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी को जब्त कर लिया है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
