Delhi News: रविवार की सुबह दिल्ली में आई तेज आंधी की वजह से एक बड़ा हादसा हो गया। दिल्ली के आरके पुरम में करंट लगने से दो लोगों की जान चली गई। ये हादसा तब हुआ, जब ढाबे पर काम करने वाले दो कर्मचारी सो रहे थे। इस हादसे की चपेट में एक कुत्ता भी आ गया, उसकी भी मौत हो गई। यह हादसा तेज आंधी और बारिश के कारण हुआ, जिसमें एक पेड़ टूटने से बिजली का तार टूटकर सो रहे व्यक्तियों के ऊपर गिर गया।
एक कुत्ता भी आया चपेट में
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह आई आंधी और बारिश के कारण क्षेत्र में कई पेड़ उखड़ गए। इसी दौरान आरके पुरम इलाके में एक पेड़ के टूटने से बिजली का तार भी टूटा और ढाबे पर सो रहे दो कर्मचारियों को अपनी चपेट में ले लिया। करंट की चपेट में आने से दोनों कर्मचारियों की मौके पर ही मौत हो गई। इसके अलावा, हादसे में एक कुत्ता भी करंट की चपेट में आ गया और उसकी भी मौत हो गई।
सोते समय हुआ हादसा
समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए चश्मदीद ने बताया कि करंट लगने से दो लोगों की मौत हुई है। साथ ही एक कुत्ते की भी जान गई है। यह हादसा रविवार सुबह साढ़े तीन बजे के आसपास हुआ। मृतक ढाबे के पास ही सो रहे थे, तभी वे करंट की चपेट में आ गए। दोनों मृतकों की उम्र 22 से 25 वर्ष के बीच थी।
मौसम विभाग ने दी थी चेतावनी
बता दें कि राजधानी दिल्ली में रविवार को हुई बारिश से कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिली है। शहर के कई हिस्सों में आंधी और तेज हवाएं चलीं। जिसको लेकर चेतावनी आई थी। वहीं, कुछ इलाकों में हल्की बारिश भी हुई।
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने दिल्ली-एनसीआर में तूफान और बारिश की चेतावनी जारी की थी। तूफान और बारिश की वजह से कई जगहों पर पेड़ गिरने की सूचना भी मिली है।
100 से अधिक की रफ्तार से चली हवाएं
आईएमडी के अनुसार, रविवार सुबह हवाएं 80-100 किमी/घंटा की गति से चलीं। सफदरजंग में सुबह 3:45 और 4 बजे के आसपास ओलावृष्टि के साथ आंधी-तूफान दर्ज किए गए। पहले तूफान में हवाएं 82 किमी प्रति घंटे और दूसरे में 104 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलीं। मौसम विभाग ने निवासियों से सावधानी बरतने का आग्रह किया।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
