Delhi Rain: देश की राजधानी दिल्ली में रविवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ले ली। रातभर की भारी उमस के बाद दिल्लीवासियों को जोरदार बारिश से बड़ी राहत मिली। फिरोजशाह रोड समेत कई इलाकों में सुबह से ही तेज बारिश शुरू हो गई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई और वातावरण कुछ हद तक सुहावना हो गया।
उमस के बाद आई राहत
शनिवार को दिनभर तेज धूप और उमस भरी गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया था। हालांकि शाम को कुछ इलाकों में हल्की फुहारें पड़ी थीं, लेकिन वह राहत नाकाफी रही। रविवार सुबह की बारिश से मौसम में ठंडक घुली और तापमान भी कुछ नीचे आया।
कल भी बारिश की उम्मीद
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने रविवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। अनुमान है कि दिनभर बादल छाए रहेंगे और गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। सोमवार को भी मौसम कुछ इसी प्रकार रहने की संभावना है।
दिल्ली में मानसून कमजोर
हालांकि राजधानी में रविवार को अच्छी बारिश दर्ज की गई, लेकिन महीने की शुरुआत कमजोर मानसून के साथ हुई है। 5 जुलाई तक दिल्ली में सिर्फ 4.1 मिमी बारिश हुई है, जो सामान्य 23.3 मिमी के मुकाबले 19.2 मिमी कम है, यानी अब तक 82 प्रतिशत की कमी है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
