Delhi Weather: दिल्ली-एनसीआर में शनिवार को तपती गर्मी से लोगों को राहत मिली है। शनिवार शाम को मौसम का रुख बदला और अलग-अलग हिस्सों में छिटपुट बारिश हुई। खराब मौसम का असर विमानों पर भी पड़ा। बारिश की वजह से दिल्ली में 22 विमानों को डायवर्ट किया गया। इसमें आठ लखनऊ, नौ जयपुर, दो चंडीगढ़, एक-एक वाराणसी, अमृतसर और अहमदाबाद डायवर्ट किया गया।
दिल्ली में मौसम हुआ सुहावना
बता दें कि शनिवार दोपहर से ही आसमान में बादल छाने लगे, जिसके बाद तेज बारिश की संभावना बनी और शाम होते-होते बारिश भी होने लगी। हालांकि, बारिश ज्यादा देर तक नहीं हुई, लेकिन मौसम सुहावना हो गया। अचानक मौसम बदलने से तापमान में भी गिरावट आई है, करीब 4 से 5 डिग्री तक तापमान में कमी आई है।

दिल्ली में बारिश।
इससे पहले भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बताया था कि उत्तर पश्चिम भारत में 13 और 14 अप्रैल को मध्यम से तीव्र तूफान के साथ तेज हवाएं, ओलावृष्टि, बिजली गिरने की संभावना है। साथ ही मध्यम गति के तूफान की भी संभावना जताई गई थी।
दिल्ली के कई इलाकों में होगी बारिश
मौसम विभाग ने बताया कि एक पश्चिमी विक्षोभ ईरान के ऊपर बना हुआ है, जिसके बीच में एक ट्रफ है। इसके 13-15 अप्रैल के दौरान अरब सागर से उत्तर पश्चिम भारत में आने की संभावना है, जिससे चक्रवाती हवाओं का एक क्षेत्र बन गया है। इसका ट्रफ दक्षिण राजस्थान और इससे सटे उत्तरी गुजरात और नीचे उत्तरी ओडिशा तक बना हुआ है।
मौसम विभाग ने बताया कि गरज, बिजली और तेज़ हवाओं (30-40 किमी प्रति घंटे) के साथ छिटपुट से लेकर व्यापक वर्षा 13 से 15 अप्रैल के दौरान पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा-चंडीगढ़-दिल्ली और राजस्थान में हो सकती है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
