Delhi Crime: दिल्ली में साकेत कोर्ट लॉकअप के अंदर एक कैदी की हत्या से हड़कंप मच गया। लॉकअप के अंदर कैदियों के दो गुटों में जमकर मारपीट हुई। जिसमें दो कैदियों ने अमन नामक के एक कैदी की हत्या कर दी। दोनों कैदी तिहाड़ जेल नंबर 8 में बंद थे। उन्हें अदालती कार्यवाही के लिए साकेत कोर्ट लाया गया था। दिल्ली पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है और जांच भी शुरू कर दी है।
कोर्ट में पेशी के लिए आए थे कैदी
दिल्ली पुलिस के अनुसार 5 जून को साकेत कोर्ट लॉक-अप के खारजा नंबर 5 में मारपीट की घटना हुई। अमन नामक के शख्स को साकेत कोर्ट में पेशी के लिए लाया गया था। घटना के दौरान मृतक अमन समेत कई विचाराधीन कैदी (यूटीपी) उस खारजा के अंदर थे। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि किसी बात पर कैदियों के बीच विवाद हो गया। जिसने हिंसक झड़प का रूप ले लिया। इस दौरान जितेंद्र और जयदेव ने अमन पर हमला कर दिया। जिससे उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
दोनों के बीच थी पुरानी दुश्मनी
पुलिस ने बताया कि जितेंद्र और अमन के बीच पुरानी दुश्मनी की बात सामने आई है। उनके बीच 2024 में हुई मारपीट की एक घटना के कारण हुई थी। उस समय वे दोनों जेल के बाहर थे। उस घटना में अमन ने कथित तौर पर जितेंद्र और उसके भाई पर चाकू से हमला किया था। पुलिस ने बताया कि कैदी की हत्या की सूचना मिलते ही कोर्ट परिसर में मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने स्थिति को काबू करने की कोशिश की। उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। वहीं दोनों आरोपी कैदियों से पूछताछ की जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
