Delhi News: दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट पर आने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलने जा रही है। अब इस एयरपोर्ट पर जांच के नाम पर यात्रियों को घंटों लंबी लाइन में नहीं खड़ा होना पड़ेगा। यात्रियों को इस समस्या से छुटकारा दिलाने के लिए सुरक्षा जांच करने वाली सीआईएसएफ को पाम टॉप उपकरण से लैस किया जाएगा। इसकी मदद से सुरक्षा जांच के समय सीआईएसएफ के कर्मचारी सामान की डिजीटल एंट्री कर सकेंगे।
जानकारी के अनुसार अभी एयरपोर्ट की सुरक्षा में तैनात सीआईएसएफ, यात्रियों की सुरक्षा जांच के दौरान उनसे मिलने वाले सामानों की जानकारी मैनुअल तरीके से रजिस्टर में दर्ज करती है। इसमें यात्री का नाम और उसके टिकट की जानकारी के साथ पता, मोबाइल नंबर और उसके पास से मिले प्रतिबंधित सामान की जानकारी रजिस्टर की डिटेल लिखी जाती है। इस कार्य में सीआईएसएफ जवानों को लंबा समय लगता है और यात्रियों को अपनी बारी आने का लंबा इंतजार करना पड़ता है, लेकिन पाम टॉप से लैश होने के बाद यह कार्य चुटकियों में हो जाएगा।
पाम टॉप से लगेगा केवल 15 से 20 सेकेंड का समय
एयरपोर्ट प्रशासन ने सुरक्षा जांच के समय लगने वाली लाइन को कम करने के लिए पाम टॉप खरीदने का ऑर्डर दिया है। इसका ट्रायल एयरपोर्ट पर सीआईएसएफ द्वारा पहले ही किया जा चुका है। एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार, अभी रजिस्टर में जानकारी दाखिल करने और सामान की जांच करने में दो से तीन मिनट तक का समय लग जाता है।वहीं, इस उपकरण की मदद से यह कार्य महज 15 से 20 सेकंड में पूरा हो जाएगा। इससे जहां यात्रियों का समय बचेगा। वहीं इसमें पांच साल तक का डाटा भी सुरक्षित रहेगा। इस उपकरण को मैन्युअल तरीके से भी चलाया जा सकता है। पाम टॉप से यात्री की टिकट के स्कैन करते ही सुरक्षा कर्मियों को उनकी पूरी जानकारी भी मिल जाएगी। एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार, बीते तीन महीने के अंदर ही चार लाख से ज्यादा प्रतिबंधित सामान एयरपोर्ट पर सुरक्षा जांच के दौरान जब्त किए गए हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
