Dhaula Kuan Delhi Airport Road Expansion: धौला कुआं से दिल्ली एयरपोर्ट के बीच ट्रैफिक प्रवाह को सुचारू बनाने और कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने नई दिल्ली स्थित सुब्रतो पार्क एयरफोर्स स्टेशन क्षेत्र में कार्य शुरू कर दिया है। इस परियोजना के तहत गुरुग्राम दिशा की ओर जाने वाले एलएचएस (लेफ्ट हैंड साइड) कैरिजवे को मौजूदा 2 लेन से बढ़ाकर 4 लेन किया जा रहा है। यह विस्तार परेड रोड अंडरपास की शुरुआत के पास सड़क के बाएं हिस्से पर होने वाली जाम की स्थिति को दूर करेगा, जहां फिलहाल दिल्ली से गुरुग्राम की ओर यातायात प्रभावित रहता है। इस स्थान पर मेट्रो के पिलरों की मौजूदगी के कारण सड़क की चौड़ाई 4 लेन से घटकर 2 लेन रह जाती है, जिससे वाहनों की आवाजाही में रुकावट आती है।
ड्रेनेज सिस्टम की व्यवस्था
सड़क चौड़ीकरण के लिए आवश्यक स्थान उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नाले, परिधीय सड़क और एयरफोर्स स्टेशन के कुछ ढांचों का स्थानांतरण किया जा रहा है। यह परियोजना लगभग छह महीनों में पूरी होने की संभावना है। इसके तहत आरटीआर फ्लाईओवर की शुरुआत में स्थित सुब्रतो पार्क एयरफोर्स स्टेशन के पास एक नया पैदल पुल (फुट ओवर ब्रिज) भी बनाया जाएगा, जिससे पैदल यात्रियों की सुरक्षा और आवागमन की सुविधा में सुधार होगा। साथ ही, परियोजना में वर्षा और सतही जल की निकासी के लिए उन्नत ड्रेनेज सिस्टम की व्यवस्था की जा रही है, ताकि जलभराव की समस्या से प्रभावी रूप से निपटा जा सके।
दिल्ली और गुरुग्राम के बीच यात्रा में सुविधा
यह परियोजना पर्यावरणीय स्थिरता को ध्यान में रखते हुए तैयार की गई है। इसके तहत सड़क किनारे वृक्षारोपण की योजना के साथ-साथ निर्माण कार्य के दौरान प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए एंटी-स्मोक गन और वाटर स्प्रिंकलर लगाए जाएंगे। साथ ही, कार्य अवधि के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात का सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के लिए ट्रैफिक मार्शल, टो-अवे क्रेन और सेफ्टी कोन जैसी व्यवस्थाएं भी की जाएंगी। इस खंड के चौड़ीकरण से राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में आधारभूत ढांचे और परिवहन प्रणाली में उल्लेखनीय सुधार होगा। इसके परिणामस्वरूप दिल्ली और गुरुग्राम के बीच संपर्क और यात्रा सुविधा में और अधिक सहजता आएगी, जिससे यात्रियों और स्थानीय निवासियों दोनों को लाभ मिलेगा।
(इनपुट - पीआईबी)
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
