Delhi: गणतंत्र दिवस पर होने वाली परेड के रिहर्सल के कारण राजधानी दिल्ली इस समय भारी ट्रैफिक जाम से जूझ रही है। इस रिहर्सल की वजह से जहां आज दिल्ली के कई रास्ते बंद रहेंगे, वहीं 20 और 21 जनवरी को भी दिल्ली के कई प्रमुख मार्ग बंद रहने की वजह से लोगों को ट्रैफिक जाम से जूझना पड़ सकता है। इस संबंध में दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की तरफ से एडवाइजरी जारी कर लोगों को जानकारी दी गई है। इस एडवाइजरी में कहा गया है कि, 20 और 21 जनवरी को गणतंत्र दिवस परेड की ड्रेस रिहर्सल के कारण सुबह 10:15 से दोपहर 12:30 बजे तक कई मार्गों पर यातायात पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा।
जिन मार्गों पर यातायात को प्रतिबंधित किया गया है, उनमें कर्तव्य पथ-जनपथ क्रॉसिंग, कर्तव्य पथ-मानसिंह रोड क्रॉसिंग, कर्तव्य पथ-रफी मार्ग क्रॉसिंग और कर्तव्य पथ-सी-हेक्सागोन शामिल है। ट्रैफिक पुलिस द्वारा वाहन चालकों को इस प्रतिबंध के दौरान वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की सलाह दी गई है। इस दौरान उत्तर से दक्षिण और वाइस वरसा की तरफ जाने के लिए वाहन चालक रिंग रोड सराय काले खां- आईपी फ्लाईओवर- राजघाट कर सकते हैं। इसके अलावा लाजपत राय मार्ग की तरफ से आने वाले वाहन चालक मथुरा रोड और भैरों रोड से होते हुए रिंग रोड पर जा सकेंगे।
वाहन चालक इन वैकल्पिक मार्गों का कर सकते हैं उपयोग
बता दें कि गणतंत्र दिवस की तैयारियों को लेकर बीते कुछ दिनों से मंडी हाउस, संसद मार्ग, आईटीओ और कर्तव्य पथ जैसे प्रमुख जगहों पर भारी जाम देखने को मिल रहा है। इसके अलावा मध्य दिल्ली का अकबर रोड, राजाजी मार्ग, कामराज रोड और सफदरजंग रोड भी जाम से जूझ रहा है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस द्वारा लोगों को 20 और 21 जनवरी को अरबिंदो मार्ग- सफदरजंग रोड-कमल अतातुर्क मार्ग-कौटिल्य मार्ग और सरदार पटेल मार्ग-आरएमएल और बाबा खड़क सिंह मार्ग का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। इसके अलावा सफदरजंग रोड-कमल अतातुर्क मार्ग-पंचशील मार्ग-साइमन बोलिवर मार्ग-अपर रिज रोड भी इस्तेमाल के लिए खुला रहेगा। ट्रैफिक पुलिस ने दिल्ली के लोगों को जाम से बचने के लिए आने वाले कुछ दिनों तक सार्वजनिक वाहन का प्रयोग करने की सलाह दी गई है।देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
