दिल्ली

इस साल पूरा हो जाएगा दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का काम, जानें किस सेक्शन पर कितना काम बचा

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का अधिकांश निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और यह 2025 के अंत तक इसके ज्यादातर हिस्से तैयार हो जाएंगे। हालांकि, गुजरात के सूरत क्षेत्र में 90 किमी हिस्से पर काम अभी काफी पिछड़ा हुआ है। यह एक्सप्रेसवे दिल्ली-मुंबई की दूरी घटाकर यात्रा समय 24 घंटे से कम करके 12 घंटे कर देगा।

Image

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का काम इस साल हो जाएगा पूरा

Photo : PTI

देश की सबसे बड़ी और महत्वकांक्षी सड़क परियोजना दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे (Delhi Mumbai Expressway) का काम अब अपने अंतिम चरण में है। दिल्ली और मुंबई के अलावा बीच में आने वाले कई शहरों के लोगों को इस एक्सप्रेसवे का काम पूरा होने का लंबे समय से इंतजार है। कहा जा रहा है कि यह एक्सप्रेसवे इस साल के अंत तक पूरा हो जाएगा। हालांकि, गुजरात में सूरत के पास लगभग 90 किलोमीटर का एक छोटा सा हिस्सा अब भी अधूरा है। इस एक्सप्रेसवे के बनकर आम जनता के लिए खुल जाने से दिल्ली और मुंबई के बीच लगने वाला मौजूदा टाइम 24 घंटे से कम होकर 12 घंटे रह जाएगा।

सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय के अनुसार दिल्ली और वडोदरा के बीच दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का 650 किमी का हिस्सा पहले ही चालू हो चुका है। दिल्ली और वडोदरा के बीच इस एक्सप्रेसवे पर 122 किमी के हिस्से पर काम 90 फीसद तक पूरा हो चुका है, जिसके इस साल के अंत तक पूरा हो जाने की उम्मीद है।

बता दें कि 1386 किमी लंबे दिल्ली मुंबई एक्सप्रेसवे को दो भागों में तैयार किया जा रहा है। इसका पहला हिस्सा दिल्ली और वडोदरा के बीच 845 किमी का है, जबकि दूसरा हिस्सी वडोदरा से मुंबई के बीच 450 किमी है। अप्रैल 2025 तक इस एक्सप्रेसवे का 756 किमी हिस्से पर ट्रैफिक चल रहा था, जबकि अब 774 किमी हिस्से को ट्रैफिक के लिए खोल दिया गया है।

न्यूज18 की रिपोर्ट के अनुसार सूरत और गुजरात-महाराष्ट्र बॉर्डर के बीच दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के 140 किमी हिस्से पर काम देरी से हो रहा है। इस बीच एक्सप्रेसवे के निर्माण कार्य में सुस्ती के चलते एक्सप्रेसवे की डेडलाइन भी आगे बढ़ानी पड़ी है। इस सेक्शन के तीन पैकेजों जो 25, 27 और 35 किमी लंबे हैं उन पर 50 फीसद से कम काम हुआ है। अगर इस सेक्शन पर काम में तेजी नहीं आई तो पूरे एक्सप्रेसवे को बनकर तैयार होने में 2026 भी बीत जाएगा।

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे की कुल लागत ₹1 लाख करोड़ आंकी गई है। इस एक्सप्रेसवे को 8 लेन का बनाया जा रहा है, भविष्य में इसे 12 लेन तक बढ़ाया जा सकता है। एक्सप्रेसवे को 120 किमी/घंटा की रफ्तार से चलने के लिए बनाया जा रहा है। यह एक्सप्रेसवे हरियाणा, राजस्थान, मध्यप्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र के कई शहरों को जोड़ते हुए बन रहा है। इससे दिल्ली और मुंबई के बीच की दूरी लगभग 1440 किमी (NH-48) से घटकर महज 1,386 किमी तक रह जाएगी।

एक्सप्रेसवे के ज्यादातर हिस्से अब तेजी से तैयार होते जा रहे हैं। ऐसे में अब सारा ध्यान गुजरात में सूरत से गुजरात-महाराष्ट्र बॉर्डर तक के सेक्शन के निर्माण पर होगा।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article