Delhi NCR Weather: दिल्ली एनसीआर में सोमवार की दोपहर हल्की बारिश ने मौसम का सुहावना कर दिया। इसी बीच कई जगहों पर जलभराव भी देखने को मिला, जिसके चलते यातायात बुरी तरह से प्रभावित हुआ। गाजियाबाद, नोएडा, गुरुग्राम और फरीदाबाद में लोगों का ऑफिस से घर जाना मुश्किल हो गया है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मंगलवार को गरज-चमक, तेज हवाओं और मध्यम से भारी बारिश की संभावना के चलते भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 'येलो' अलर्ट जारी किया है।
सुबह और दोपहर के समय 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ-साथ अधिकतर क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश (5-15 मिमी प्रति घंटा) और कुछ इलाकों में तीव्र वर्षा (15 मिमी प्रति घंटा से अधिक) हो सकती है। मंगलवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 23.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.8 डिग्री कम है। अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। सुबह साढ़े आठ बजे आर्द्रता का स्तर 90 प्रतिशत रिकॉर्ड किया गया। इस दौरान वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 60 रहा, जो ‘संतोषजनक’ श्रेणी में आता है।
मौसम विभाग का लेटेस्ट अपडेट
मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, दक्षिण दिशा से दिल्ली की ओर तेज संवेदनात्मक बादल (इंटेंस कन्वेक्टिव सेल्स) बढ़ रहे हैं, जिनके कारण अगले दो घंटों के दौरान दिल्ली के अधिकांश इलाकों में गरज-चमक, बिजली गिरने, 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और हल्की से मध्यम बारिश (5-15 मिमी प्रति घंटा) होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर तीव्र वर्षा (15 मिमी प्रति घंटा से अधिक) भी हो सकती है। वहीं दूसरी ओर, दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है, जिससे बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। मंगलवार शाम तक जलस्तर 206 मीटर तक पहुंचने का अनुमान है, जो कि निकासी स्तर है। सोमवार दोपहर 12 बजे पुराने रेलवे पुल (ओआरबी) पर जलस्तर 204.87 मीटर रिकॉर्ड किया गया।
बढ़ता जा रहा है यमुना का जलस्तर
दिल्ली में चेतावनी का स्तर 204.50 मीटर और खतरे का स्तर 205.33 मीटर है। जलस्तर के 206 मीटर को पार करने की स्थिति में निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी। हथिनीकुंड बैराज से भारी मात्रा में पानी छोड़े जाने के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई है। मंगलवार सुबह 9 बजे तक बैराज से 3,29,313 क्यूसेक पानी छोड़ा गया, जबकि वजीराबाद बैराज से 38,900 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। इन बैराजों से छोड़ा गया पानी आमतौर पर 48 से 50 घंटे में दिल्ली पहुंचता है। पुराना रेलवे पुल (ओआरबी) यमुना में जलस्तर और बाढ़ के खतरों की निगरानी का प्रमुख बिंदु है।
अधिकारियों को सतर्क रहने के आदेश
सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग ने चेतावनी जारी की है कि 2 सितंबर को शाम 5 से 8 बजे के बीच जलस्तर 206.50 मीटर तक पहुंच सकता है। सभी संबंधित अधिकारियों को अपने क्षेत्रों में सतर्क रहने, संवेदनशील स्थानों की निगरानी करने और तटबंधों के भीतर बसे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और सरकारी निर्देशों का पालन करें, ताकि किसी भी आपात स्थिति से सुरक्षित रूप से निपटा जा सके।
(इनपुट - भाषा)
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
