Dwarka Expressway Route Map: देश का पहला एलिवेटेड एक्सप्रेसवे यानि कि द्वारका एक्सप्रेसवे पर जल्द ही गाड़ियां दौड़ने लगेंगी। कहने को तो यह यह एक्सप्रेसवे सिर्फ 27.6 किलोमीटर है, लेकिन इस अकेले एक्सप्रेसवे की खासियत यह है कि यह हरियाणा से लेकर मुंबई तक की दूरी को घटा देगा। दिल्ली से हरियाणा, राजस्थान, गुजरात और मुंबई तक की केनक्टिविटी आसान हो जाएगी।
द्वारका एक्सप्रेसवे रूट मैप ( Dwarka Expressway Route Map)
द्वारका एक्सप्रेसवे में कुल 16 लेन होंगे। जिसमें 8-लेन एलिवेटेड और 8-लेन सर्विस रोड होगा। द्वारका एक्सप्रेसवे दिल्ली के महिपालपुर में शिव मूर्ति पर NH 48 (पुराना NH 8) के 20 किलोमीटर के निशान पर शुरू होता है, और गुरुग्राम में खेड़की दौला टोल प्लाजा के पास 40 किलोमीटर के निशान पर समाप्त होता है। दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे पर यातायात को कम करने के लिए इसे राष्ट्रीय राजधानी और गुरुग्राम के बीच एक वैकल्पिक सड़क लिंक के रूप में योजनाबद्ध किया गया है। यह एक्सप्रेसवे द्वारका से मानेसर के बीच यात्रा के समय को 15 मिनट तक कम कर देगा। मानेसर और इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के बीच की दूरी अब 20 मिनट में तय की जा सकती है, जबकि मानेसर और सिंघू सीमा के बीच यात्रा का समय घटकर केवल 45 मिनट रह जाएगा।
इन राज्यों से दिल्ली की कनेक्टिविटी हो जाएगी आसान (Dwarka Expressway Connectivity)
केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने द्वारका एक्सप्रेसवे के बारे में बताते हुए कहा कि द्वारका एक्सप्रेसवे को दिल्ली मुंबई एक्सप्रेसवे से जोड़ा जाएगा। साथ ही द्वारका एक्सप्रेसवे को दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेसवे से भी जोड़ा जाएगा। जिससे दिल्ली से हरियाणा, राजस्थान, गुजरात, मुंबई की दूरी घट जाएगी और एक ही रोड का प्रयोग करके इन राज्यों में पहुंचा जा सकेगा।
द्वारका एक्सप्रेसवे की खासियत (Dwarka Expressway Features)
द्वारका एक्सप्रेसवे को दो लाख टन स्टील का उपयोग करके बनाया जा रहा है - जो पेरिस में एफिल टॉवर के निर्माण से 30 गुना अधिक है। स्टील के अलावा, लगभग 20 लाख क्यूबिक मीटर सीमेंट कंक्रीट, जो दुबई के बुर्ज खलीफा के निर्माण में इस्तेमाल किए गए से छह गुना अधिक है, इससे बनाने में उपयोग हुआ है।
द्वारका एक्सप्रेसवे कब होगा शुरू (Dwarka Expressway Completion Date)
मिली जानकारी के अनुसार द्वारका एक्सप्रेसवे का काम मार्च के लास्ट तक खत्म हो जाएगा। द्वारका एक्सप्रेसवे पर फिलहाल निर्माण कंपनी सेफ्टी ट्रायल कर रही है। द्वारका एक्सप्रेसवे का 80 प्रतिशत से ज्यादा काम पूरा हो चुका है। इसे लोकसभा चुनाव की घोषणा से पहले खोल दिया जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
