बिजनेस

Savings Account के साथ मिलेगा Free Insurance, HDFC Bank महिलाओं को दे रहा शानदार मौका

क्या आपको भी लगता है सेविंग अकाउंट के साथ केवल पैसा जमा करने तक की सुविधा मिलती है? अगर हां तो ऐसा नहीं है। सेविंग अकाउंट के साथ फ्री हेल्थ इंश्योरेंस और हेल्थ-चेकअप की सुविधा भी पाई जा सकती है।

Image

Savings Account के साथ मिलेगा Free Insurance और Health Check-UP (Photo: iStock)

HDFC Savings Max Account for Women: क्या आपको भी लगता है कि सेविंग अकाउंट का इस्तेमाल केवल पैसों को सुरक्षित रूप से जमा करने तक है? अगर हां तो आपको एचडीएफसी बैंक के स्पेशल सेविंग अकाउंट के बारे में जरूर जानना चाहिए। बैंक की ओर से महिलाओं को स्पेशल सेविंग अकाउंट की सुविधा दी जा रही है, जिसमें उन्हें सेविंग अकाउंट के साथ इंश्योरेंस और हेल्थ चेकअप जैसी कई सुविधाएं दी जा रही हैं।

क्या है स्पेशल सेविंग अकाउंट

दरअसल, महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने और उनकी बैंकिंग जरूरतों को पूरा करने के लिए HDFC Bank खास सेविंग अकाउंट की सुविधा देता है। इसका नाम Savings Max Women's Savings Account है। इस खाते में सामान्य बैंकिंग सुविधाओं के अलावा इंश्योरेंस, हेल्थ चेकअप, कैशबैक और लॉकर किराये में छूट जैसे फायदे मिलते हैं। बैंक की वेबसाइट के मुताबिक, पात्र ग्राहक अलग-अलग सुविधाओं के जरिए 28,300 रुपये तक की बचत कर सकती हैं।

इंश्योरेंस और हेल्थ चेकअप की सुविधा

इस अकाउंट का सबसे बड़ा फायदा इंश्योरेंस से जुड़ी सुविधाएं हैं। बैंक प्राथमिक खाताधारक को दुर्घटना में मृत्यु होने पर 10 लाख रुपये तक का कवर देता है। इसके अलावा दुर्घटना के कारण अस्पताल में भर्ती होने पर 1 लाख रुपये तक का कवर मिलता है। अस्पताल में भर्ती होने पर अधिकतम 15 दिनों तक रोजाना 1,000 रुपये का कैश अलाउंस भी मिल सकता है। अंतरराष्ट्रीय हवाई दुर्घटना के लिए 3 करोड़ रुपये तक का अतिरिक्त कवर उपलब्ध है। इसके अलावा, MediBuddy के जरिए मुफ्त हेल्थ चेकअप की सुविधा भी मिलती है। हालांकि, इन सभी लाभों पर निर्धारित शर्तें लागू होती हैं।

डेबिट कार्ड और शॉपिंग पर फायदे

इस खाते में प्राथमिक खाताधारक को लाइफटाइम फ्री प्लेटिनम डेबिट कार्ड मिलता है। इसके जरिए Swiggy, Zomato और BookMyShow जैसे प्लेटफॉर्म पर कैशबैक और डिस्काउंट का फायदा उठाया जा सकता है।

बैंक के PayZapp और SmartBuy प्लेटफॉर्म के जरिए खरीदारी पर निर्धारित शर्तों के तहत 5 प्रतिशत कैशबैक भी मिल सकता है। इसके अलावा पहले साल लॉकर किराये में 50 प्रतिशत छूट दी जाती है।

बचत बढ़ाने में कैसे मिलेगी मदद?

इस अकाउंट में MoneyMaximizer सुविधा मिलती है। इसके जरिए सेविंग अकाउंट में पड़ी अतिरिक्त रकम ऑटोमैटिक तरीके से एफडी में ट्रांसफर हो सकती है। जरूरत पड़ने पर एफडी से रकम वापस खाते में उपलब्ध करवाई जा सकती है। इससे महिलाओं को अपनी बचत बेहतर तरीके से मैनेज करने में मदद मिल सकती है।

कितना बैलेंस रखना होगा?

इस अकाउंट में 25,000 रुपये का एवरेज मंथली बैलेंस बनाए रखना जरूरी है। विकल्प के तौर पर मेट्रो और शहरी क्षेत्रों में 1.50 लाख रुपये या अर्धशहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में 1 लाख रुपये की पात्र एफडी रखी जा सकती है। अच्छी बात ये है कि इस अकाउंट को खुलवाने का कोई शुल्क नहीं है। महिलाएं ऑनलाइन या बैंक ब्रांच जाकर आवेदन कर सकती हैं। जॉइंट अकाउंट खुलवाते हैं तो पहली खाताधारक महिला होनी चाहिए।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article