दिल्ली

दिल्ली में भारी बारिश के कारण गिरी 15 फीट ऊंची दीवार, हादसे में मां-बेटे की मौत

दिल्ली के सिविल लाइंस इलाके में 15 फीट ऊंची दीवार अचानक ढह गई। इस हादसे में मां-बेटे की मौत हो गई है और दो अन्य लोग घायल हो गए हैं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि दीवार के पीछे अवैध निर्माण का कार्य चल रहा था। निवासियों ने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।

Image

दिल्ली में भारी बारिश के कारण दीवार गिरने से दो की मौत (फोटो - AI)

Delhi Wall Collapsed: दिल्ली के सिविल लाइंस इलाके में एक दर्दनाक हादसा हो गया है। यहां भारी बारिश के कारण एक कॉलोनी की दीवार गिर गई, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई है, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। बताया जा रहा है कि बारिश के कारण कॉलोनी में स्थित करीब 15 फीट ऊंची दीवार अचानक ढह गई, जिसके मलबे में 4 लोग दब गए। मलबे में दबने से मां और बेटे की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम पहुंची और राहत कार्य शुरू किया गया है।

दीवार के मलबे में दबने से दो की मौत

यह हादसा सिविल लाइन में स्थित सहगल कॉलोनी का है। दमकल अधिकारी ने बताया कि उन्हें मंगलवार सुबह 9:40 बजे हादसे की सूचना मिली, जिसमें बताया गया कि एक निर्माणधीन इमारत की दीवार गिर गई है। टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया। मलबे में दबे चार लोगों को निकाला गया, जिसमें दो की मौत हो गई थी और दो घायल हो गए थे। घायलों को इलाज के लिए भर्ती कराया गया।

अवैध निर्माण के कारण हुआ हादसा

स्थानीय निवासी ने बताया कि इस हादसे के पीछे कुछ प्राइवेट बिल्डर हैं, जो दीवार के पीछे अवैध निर्माण का कार्य कर रहे थे। निवासी ने बताया उनकी यह कॉलोनी दिल्ली के उपराज्यपाल के आवास से महज 50 मीटर की दूरी पर है। इसके बावजूद यहां अवैध निर्माण का काम चल रहा है। मैं मांग करता हूं कि इस मामले में कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।

कॉलोनी में रहने वाले दीपक खन्ना ने बताया कि बारिश के कारण कॉलोनी की दीवार गिरी है। इस हादसे में दो की मौत हुई है, जबकि दो घायल हैं। फिलहाल घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है। स्थानीय निवासियों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

(इनपु - आईएएनएस)

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article