दिल्ली

दिल्ली की DEVI बसों को मिलेगा नया रंगरूप; अब नारंगी, पीली और हरी बसें करेंगी सफर आसान

दिल्ली की सड़कों पर चल रही DEVI बसों का रंग अब बदलने जा रहा है। इन्हें नारंगी, पीले और हरे रंगों में रंगने की योजना बनाई गई है। परिवहन विभाग ने इस संबंध में दो आदेश जारी किए हैं। पहले बसों को केवल नारंगी रंग में रंगने का प्रस्ताव था, लेकिन बाद में तीन रंगों का फैसला किया गया। इस योजना के तहत कुल 2080 बसें नए रंगों में रंगी जाएंगी।

Image

DEVI बसों को जल्द मिलेगा नया रंग (फाइल फोटो)

Photo : Times Now Digital

दिल्ली की सड़कों पर चल रही DEVI (दिल्ली इलेक्ट्रिक व्हीकल इंटर कनेक्टर) बसों का जल्द ही नया रंग देखने को मिलेगा। अभी ये ई-बसें एक ही रंग में नजर आती हैं, लेकिन अब इन्हें तीन अलग-अलग रंगों (नारंगी, पीले और हरे) में रंगा जाएगा। परिवहन विभाग के अधिकारी ने बताया कि नए रंगों से ये बसें दूर से ही नजर आएंगी, जिससे यात्रियों को आसानी होगी। इस वक्त, दिल्ली में 400 छोटी इलेक्ट्रिक बसें चल रही हैं। परिवहन विभाग ने बसों के रंग बदलने को लेकर आठ दिन के अंदर दो आदेश जारी किए हैं।

दैनिक जागरण की रिपोर्ट के मुताबिक, पहला आदेश 14 मई को परिवहन मंत्री डॉ. पंकज सिंह की मंजूरी के बाद जारी हुआ था, जिसमें रंग बदलने की बात थी, लेकिन रंगों का विवरण नहीं दिया गया था। जानकारी के अनुसार, पहले इन बसों को DTC की नॉन एसी बसों की तरह नारंगी रंग में रखने की योजना थी, लेकिन 19 मई को दूसरा आदेश जारी हुआ, जिसमें तीन रंगों का फैसला लिया गया। दिल्ली सरकार के एक अधिकारी ने जानकारी दी कि जल्द ही नई बसों के रंग के मॉडल उपलब्ध कराए जाएंगे।

2080 बसों का संचालन

जानकारी के अनुसार, अब आने वाली नौ मीटर की ई-बसें हरे, नारंगी और पीले रंग में होंगी। इस योजना के तहत कुल 2080 बसों का संचालन होना है। फिलहाल दिल्ली की सड़कों पर 12 मीटर लंबी बसें लाल, हरे, नारंगी और नीले रंग में दौड़ रही हैं। डीटीसी की एसी बसें विशेष रूप से लाल रंग की हैं, जबकि नॉन-एसी बसें हरे रंग में हैं, जिन्हें 2009-2010 में बड़ी संख्या में लाया गया था।

स्टैंडर्ड फ्लोर बसें

नारंगी रंग की बसें क्लस्टर सेवा के तहत चलने वाली स्टैंडर्ड फ्लोर बसें हैं, जो पिछले कई वर्षों से संचालन में हैं। पिछले वर्ष आधुनिक सुविधाओं से युक्त नीले रंग की लो फ्लोर एसी बसें क्लस्टर और डीटीसी सेवा के अंतर्गत शामिल की गई थीं। इस बदलाव के साथ, दिल्ली की सार्वजनिक परिवहन सेवा अधिक रंगीन और व्यवस्थित रूप से उपलब्ध होगी।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!