Delhi Murder Case: राजधानी दिल्ली में हत्या का एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां के पश्चिम विहार वेस्ट थाना क्षेत्र के मीरबाग इलाके में ऑफिस से घर लौट रही युवती को सरेआम गोली मार दी गई। मृतका का पहचान निहाल विहार की रहने वाली 35 वर्षीय ज्योति के तौर पर हुई है। मृतका एक लॉजिस्टिक कंपनी में डिलीवरी वुमन का कार्य करती थी। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर युवती की स्कूटी लेकर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद पहुंची पुलिस घायल युवती को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन युवती इससे पहले ही दम तोड़ चुकी थी। पुलिस की कई टीमें पूरे मामले की जांच में जुटी हैं, लेकिन अभी तक हमलवारों का पता नहीं चल पाया है।
दिल्ली पुलिस के अनुसार उसे शाम करीब 7:15 बजे पीसीआर कॉल मिली थी कि मीरा बाग में आउटर रिंग रोड पर एक महिला को गोली मार दी गई है। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंच कर उसे अस्पताल ले गई, लेकिन तब तक वह दम तोड़ चुकी थी। पुलिस के अनुसार, कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, लेकिन अभी तक कोई पुख्ता सुराग हाथ नहीं लगा है। जांच के दौरान पता चला है कि मृतका ज्योति ने घटना के समय जो गहने पहने थे, वह शरीर पर सही सलामत मिले। जिससे यह लूट नहीं बल्कि किसी रंचिश में की गई प्रतीत हो रही है। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।
कुछ दिन पहले ज्योति के साथ कंपनी में हुई थी गलत हरकत
जानकारी अनुसार ज्योति अपने पति दीपक और तीन बच्चों के साथ निहाल विहार में रहती थी। पति दीपक प्लास्टिक का काम करते हैं। ज्योति की सबसे बड़ी बेटी की उम्र 16 साल की है। ज्योति के भाई ललित ने पुलिस को बताया कि बड़ी भांजी से पता चला है कि उसके मां के साथ कंपनी में कुछ दिन पहले एक व्यक्ति ने गलत हरकत की थी। इसकी शिकायत ज्योति ने कंपनी के एचआर विभाग में की थी। जिसके बाद उसे नौकरी से निकाल दिया गया था। हो सकता है कि उसे व्यक्ति ने बदला लेने के लिए इस वारदात को अंजाम दिया हो। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कुछ लोगों से पूछताछ की जा रही है, जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
