Delhi News: राष्ट्रीय प्राणी उद्यान यानी दिल्ली चिड़ियाघर के वॉटर बर्ड एवियरी में दो पेंटेड स्टार्क पक्षी मृत पाए गए हैं, जिनमें बर्ड फ्लू (एच5एन1 एवियन इन्फ्लुएंजा) की पुष्टि हुई है। यह जानकारी 27 अगस्त को लिए गए नमूनों की जांच रिपोर्ट से मिली है, जो भोपाल के नेशनल इंस्टीट्यूट फॉर हाई सिक्योरिटी एनिमल डिजीजेस (NIHSAD) से प्राप्त हुई है। 28 अगस्त की शाम दोनों नमूनों में बर्ड फ्लू पॉजिटिव पाया गया।
चिड़ियाघर प्रशासन ने स्थिति को गंभीर माना है और सुरक्षा के मद्देनजर चिड़ियाघर को अगले आदेश तक बंद कर दिया गया है। इसके साथ ही संक्रमित पक्षियों की निगरानी और नियंत्रण के लिए अतिरिक्त उपाय किए जा रहे हैं। संक्रमित पक्षियों को अलग-थलग करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
पक्षियों में बर्ड फ्लू के फैलाव को रोकने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा कदम तेज कर दिए हैं। साथ ही, सार्वजनिक स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए आवश्यक सावधानियां बरतने का आह्वान किया गया है। पर्यावरण विशेषज्ञों ने भी आगाह किया है कि बर्ड फ्लू वायरस न केवल पक्षियों के लिए बल्कि मानव जीवन के लिए भी खतरनाक हो सकता है, इसलिए सतर्कता बेहद जरूरी है।
चिड़ियाघर में आने वाले लोगों से भी अपील की गई है कि वे पक्षियों के निकट न जाएं और सुरक्षा निर्देशों का पालन करें। फिलहाल, बर्ड फ्लू के मामले पर प्रशासन की ओर से नियमित अपडेट जारी किए जा रहे हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
