Delhi Rain Alert Today: दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में आज झमाझम बारिश हुई। जिसके चलते कई इलाकों में जलभराव की स्थिति भी देखने को मिली। राजधानी में खराब मौसम को देखते हुए आईएमडी ने भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। दिल्ली में अगले दो दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान है। इस दौरान कई जगहों पर गरज चमक के साथ मूसलाधार बारिश भी हो सकती है।
सड़कों पर पानी भरने से ट्रैफिक जाम
न्यूज एजेंसी IANS के अनुसार दिल्ली में आज सुबह करीब 10 बजे शुरू हुई बारिश की वजह से कई इलाकों में सड़कों पर पानी जमा हो गया। जिस कारण कुछ जगहों पर हल्का ट्रैफिक जाम भी देखा गया। दिल्ली के राष्ट्रपति भवन के गुरुद्वारा रकाबगंज साहिब के पास झमाझम बारिश हुई है। इसके साथ ही दिल्ली-एनसीआर के कई हिस्सों में भी बारिश शुरू हो गई। दिल्ली का अधिकतम तापमान 32.63° सेल्सियस और न्यूनतम 27.48°सेल्सियस रहने की संभावना है।
दिल्ली में अचानक क्यों हुई बारिश?
मौसम विभाग के मुताबिक यह बारिश पश्चिमी राजस्थान और पड़ोसी पाकिस्तान के ऊपर बने चक्रवाती हवाओं के दबाव और जम्मू से बंगाल की खाड़ी तक फैली सक्रिय मॉनसून ट्रफ के कारण हो रही है। इन कारणों से दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में बारिश का मौसम बना रहेगा। अनुमान है कि 26 जुलाई तक रुक-रुक कर बारिश होती रहेगी।
गर्मी से मिली राहत
दिल्ली में आई बारिश ने लोगों को बढ़ती गर्मी से थोड़ी राहत दिलाई है, लेकिन कुछ निचले इलाकों में जलभराव की समस्या भी देखी गई। कनॉट प्लेस, इंडिया गेट और मॉडल टाउन जैसे क्षेत्रों में सड़कों पर पानी जमा होने से ट्रैफिक की गति धीमी रही। दिल्ली नगर निगम और प्रशासन ने जलभराव से निपटने के लिए पहले से तैयारियां शुरू कर दी हैं।
ऑरेंज अलर्ट का क्या मतलब है?
ऑरेंज अलर्ट का अर्थ होता है कि मौसम खराब हो चुका है। तो ऐसे में अब आपको सिर्फ नजर बनाकर नहीं रखनी है, बल्कि बाहर जाने से भी बचना चाहिए। इसका अर्थ है कि स्थिति सामान्य नहीं है, मौसम गंभीर हो सकता है। ऑरेंज अलर्ट भारी बारिश, बर्फबारी, तूफान या लू जैसी परिस्थितियों के लिए जारी किया जाता है। भारी बारिश को लेकर जारी किए गए ऑरेंज अलर्ट का आमतौर पर मतलब है कि 24 घंटों में भारी बारिश हो सकती है, जिससे सड़कों, नालों और निचले इलाकों में बाढ़ आ सकती है।
(इनपुट - IANS)
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
