Delhi Ka Mausam (दिल्ली में आज का मौसम कैसा रहेगा) 04-September-2025: दिल्ली-एनसीआर में इस मानसून सीजन में ताबड़तोड़ बारिश हो रही है। बारिश ने वार्षिक औसत बारिश का आंकड़ा भी अगस्त में पार कर लिया है। लेकिन बारिश का सिलसिला अभी भी जारी है। बुधवार को राजधानी में लगातार तीसरे दिन रुक-रुक कर बारिश हुई। बीते दिन सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे और दोपहर तक कई जगहों पर बारिश शुरू हो गई। मौसम विभाग ने आज भी दिल्ली में बारिश की संभावना जताई है। लेकिन अभी कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है।
दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम
दिल्ली में आज आसमान में बादलों का डेरा रहेगा। लेकिन इस दौरान धूप-छांव का खेल भी देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने आज दिल्ली में अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना जताई है। वहीं गाजियाबाद, नोएडा, फरीदाबाद और गुरुग्राम में बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
दिल्ली में बीते दिन जारी हुआ रेड अलर्ट
बुधवार को दिल्ली में सुबह के समय कोई अलर्ट नहीं जारी किया गया था। लेकिन दोपहर में मौसम ने करवट बदली और बारिश शुरू हो गई। जिसे देखते हुए मौसम विभाग ने दिल्ली के लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी कर भारी से बहुत भारी बारिश होने की चेतावनी दी। बाद में इसे घटाकर येलो अलर्ट कर दिया गया। दिल्ली में अभी तक 1000 मिलीमीटर से अधिक बारिश हो चुकी है। अगस्त में ही दिल्ली ने बारिश का सालभर का औसत आंकड़ा 774 मिमी पार कर लिया था। राजधानी में 7 सितंबर तक बारिश की संभावना जताई जा रही है।
दिल्ली में कहां-कितनी हुई बारिश
आईएमडी के आंकड़ों के अनुसार दिल्ली में गुरुवार सुबह साढ़े 8 बजे तक पिछले 24 घंटे में सफदरजंग में 20 मिमी, लोधी रोड में 11.4 मिमी, पालम में 9 मिमी, रिज में 28 मिमी और आयानगर में 5.7 मिमी बारिश हुई। इस दौरान अधिकतम तापमान सामान्य से 1.8 डिग्री कम 32.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान 22.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो औसत तापमान से 2.8 डिग्री सेल्सियस कम था।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
