दिल्ली

दिल्ली में 13 साल का सबसे ठंडा रहा ये अगस्त; बारिश ने तोड़ा 15 साल का रिकॉर्ड और न्यूनतम तापमान भी रहा आठ साल में सबसे कम

दिल्ली में इस साल अगस्त में 15 वर्षों का वर्षा रिकॉर्ड टूट गया, जिसमें 2010 के बाद की सबसे अधिक वर्षा देखी गई। इस महीने का अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से कम रहा, जिससे यह पिछले 13 वर्षों में सबसे ठंडा अगस्त बना। मौसम विभाग ने रविवार को भी बारिश की संभावना व्यक्त की है।

Image

इस महीने टूटे कई रिकॉर्ड (चित्र साभार | PTI)

Photo : PTI

Delhi Weather Update: इस साल अगस्त का महीना राजधानी दिल्ली के मौसम के लिहाज से ऐतिहासिक बन गया है। बारिश, तापमान और उमस के मामलों में यह अगस्त न केवल साल का सबसे खास महीना रहा, बल्कि बीते कई वर्षों के रिकॉर्ड भी तोड़ दिए।

15 वर्षों में सबसे ज्यादा बारिश

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, इस साल अगस्त में अब तक कुल 480.81 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है। यह आंकड़ा 2010 में दर्ज 455.1 मिमी से अधिक है, और 1961 के ऑल टाइम रिकॉर्ड 583.3 मिमी के बाद दूसरा सबसे ऊंचा आंकड़ा है। यानी पिछले 15 वर्षों में यह सबसे अधिक वर्षा वाला अगस्त रहा है। इस माह 14 दिन बारिश दर्ज की गई, जिससे राजधानी में गर्मी से तो राहत मिली, लेकिन उमस और लगातार बदलते मौसम ने नागरिकों को सतर्क भी रखा।

13 साल में सबसे ठंडा अगस्त

बारिश का असर तापमान पर भी साफ दिखाई दिया। इस अगस्त में दिल्ली का औसत अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो कि 2012 में दर्ज 33.1 डिग्री के बाद 13 साल में सबसे कम है। वहीं औसत न्यूनतम तापमान 25.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो 2016 के 25.0 डिग्री के बाद 9 वर्षों में सबसे कम है। लगातार बादलों की मौजूदगी और बारिश ने तापमान को नियंत्रित रखा और राजधानीवासियों को राहत दी।

शनिवार को मौसम रहा सुहावना

शनिवार को दिल्ली में दिनभर बादलों और सूरज की लुकाछिपी चलती रही। हालांकि बारिश नहीं हुई, लेकिन हल्की उमस ने असर डाला। अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से क्रमश: 0.1 और 2.7 डिग्री कम रहा। इस दिन नमी का स्तर 98 से 67 प्रतिशत के बीच रहा।

रविवार को भी बारिश की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को भी बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 32 और 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है।

हवा की गुणवत्ता संतोषजनक

बात करें दिल्ली के वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) की, तो शनिवार को यह 72 दर्ज किया गया, जो कि "संतोषजनक" श्रेणी में आता है। फिलहाल इसमें किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं जताई जा रही है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारी author

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृ... और देखें

End of Article