दिल्ली

दिल्ली में फिर से स्कूल को मिला धमकी भरा ईमेल, दौड़े-दौड़े स्कूल पहुंचे अभिभावक

  • Edited by: अमित कुमार मंडल
  • Updated May 16, 2023, 03:33 PM IST

स्कूल की एक शिक्षिका ने कहा कि सभी छात्रों को स्कूल से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और उनके अभिभावक के साथ उन्हें घर भेज दिया गया।

Image

Delhi school receives bomb threat

Photo : ANI

Bomb Threat: दिल्ली के स्कूल में एक बार फिर बम होने की सूचना से अफरातफरी मच गई। दक्षिणी दिल्ली के पुष्प विहार इलाके में स्थित अमृता स्कूल में मंगलवार को सुबह बम होने संबंधी ई-मेल मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत बम निरोधक दस्ते को रवाना किया और संस्थान को खाली करा कर स्कूल इमारत की गहन जांच की गई। घटना की खबर मिलते ही अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित अभिभावकों की भारी भीड़ स्कूल के बाहर जमा हो गई।

अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि स्कूल में बम होने की सूचना मिलने के बाद बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचा और इमारत का निरीक्षण किया लेकिन वहां कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) चंदन चौधरी ने कहा कि आज (मंगलवार) सुबह करीब साढ़े छह बजे साकेत स्थित 'अमृता स्कूल' में बम होने संबंधी धमकी भरा एक ईमेल प्राप्त हुआ। बम निरोधक टीम के माध्यम से स्कूल की गहन जांच की गई लेकिन वहां कुछ भी नहीं मिला।

स्कूल की एक शिक्षिका ने कहा कि सभी छात्रों को स्कूल से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और उनके अभिभावक के साथ उन्हें घर भेज दिया गया। उन्होंने कहा कि मैं सुबह करीब आठ बजे कक्षा में प्रार्थना करवा रही थी, तभी शिक्षकों को सभी गतिविधियों को रोकने और छात्रों को स्कूल की इमारत से सुरक्षित बाहर निकालने के लिए कहा गया।

शिक्षिका ने बताया कि स्कूल के वॉट्सऐप ग्रुप में इसकी सूचना दी गई जिसके बाद छात्रों के अभिभावक तुरंत उन्हें लेने के लिए स्कूल पहुंचे। यूकेजी में पढ़ने वाली एक छात्रा के अभिभावक ने कहा कि उन्हें व्हाट्सएप ग्रुप पर सुबह करीब साढ़े आठ बजे एक संदेश मिला। उन्होंने बताया कि हमें किसी बम की धमकी के बारे में नहीं बताया गया था। स्कूल पहुंचने के बाद ही मुझे इसके बारे में पता चला। मेरा बच्चा सुरक्षित है। लेकिन सवाल यह है कि ऐसे ईमेल कौन भेज रहा है? सौभाग्य से, यहां कुछ भी नहीं मिला लेकिन क्या गारंटी है कि हमारे बच्चे सुरक्षित रहेंगे?

उन्होंने कहा कि उनकी बड़ी बेटी दक्षिण दिल्ली में स्थित 'द इंडियन स्कूल' में पढ़ती है। इस स्कूल को भी कम से कम दो बार इस तरह की धमकी मिली है। उन्होंने कहा कि इस घटना को कई दिन हो गए हैं, फिर भी वे नहीं जानते कि इसके पीछे कौन था।

गौरतलब है कि हाल के दिनों में दिल्ली के स्कूलों में बम की धमकी दिए जाने की घटनाओं में तेजी आई है। इससे पहले 12 मई को, मथुरा रोड स्थित 'दिल्ली पब्लिक स्कूल' के परिसर में बम रखे जाने की धमकी मिली थी जो एक अफवाह निकली। इसी स्कूल को 26 अप्रैल को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। वह भी एक अफवाह ही थी। इसके अलावा 'द इंडियन स्कूल' को इस साल 12 अप्रैल को और पिछले साल नवंबर में बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। हालांकि, दोनों बार यह अफवाह निकली।

(Bhasha Input)

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडल author

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर... और देखें

End of Article