दिल्ली

2 महीने सरिता विहार फ्लाईओवर पर होगा मरम्मत का काम, मथुरा रोड पर लगेगा लंबा जाम!

राजधानी दिल्ली का सरिता विहार फ्लाईओवर दो महीने के लिए बंद किया जाएगा। आगामी 10 जून से यहां पर मरम्मत का काम होगा, जिसके लिए फ्लाईओवर को चार चरणों में बंद किया जाएगा। इससे आसपास के लोगों को जाम से जूझना पड़ सकता है।

Image

सरिता विहार फ्लाईओवर होगा बंद

Photo : Times Now Digital

राजधानी दिल्ली में वैसे तो हर तरफ भीड़ देखने को मिलती है। लेकिन बात अगर शहर की सबसे व्यस्त सड़कों की करें तो उसमें मथुरा रोड का नाम पहली 2-3 सड़कों में आएगा। अक्सर सुबह-शाम लोग इस सड़क पर लगे जाम में फंसते हैं। थोड़ी सी राहत इस रोड पर बने अंडरपास और फ्लाईओवर जरूर देते हैं, लेकिन इसके बावजूद लोग परेशान होते हैं। अगर आप इसी सड़क से आते-जाते हैं तो आपकी परेशानी और बढ़ने वाली है, क्योंकि इस रोड पर सरिता विहार फ्लाईओवर (Sarita Vihar Flyover) को बंद किया जा रहा है।

पिछले साल होनी थी मरम्मत

सरिता विहार फ्लाईओवर (Sarita Vihar Flyover) पर मरम्मत का काम होना है, जिसके चलते इस फ्लाईओवर को 60 दिनों के लिए बंद रखा जाएगा। यह मरम्मत कार्य 10 जून से शुरू होगा और चार अलग-अलग चरणों में फ्लाईओवर को बंद किया जाएगा। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अनुसार सरिता विहार प्लाईओवर पर यह काम जून 2023 में होना चाहिए था, लेकिन तब यह काम नहीं हो पाया था। फिर जब काम शुरू करने के लिए 1 मई 2024 का समय तय किया गया तो लोकसभा चुनाव के कारण इसकी अनुमति नहीं मिली।

बता दें कि मथुरा रोड से हर रोज लाखों गाड़ियां दिल्ली से फरीदाबाद और फरीदाबाद से दिल्ली (Delhi to Faridabad and Faridabad to Delhi) की ओर आती-जाती हैं। जैसा कि हमने ऊपर ही बताया, सुबह और शाम यहां ट्रैफिक का दबाव बहुत ज्यादा रहता है।

राहत की बात

चार चरणों में फ्लाईओवर की मरम्मत का काम पूरा किया जाएगा, लेकिन फ्लाईओवर पर पूरी तरह से बंद नहीं किया जाएगा। सिर्फ एक ओर फ्लाईओवर की आधी लेन को बंद किया जाएगा और आधी लेन पर गाड़ियों को आवाजाही की अनुमति होगी। बताया जा रहा है कि पहले चरण में फ्लाईओवर पर आश्रम से फरीदाबाद की ओर जाने वाली आधी सड़क की मरम्मत होगी और दूसरे चरण में बाकी बची हुई आधी सड़क का मरम्मत कार्य किया जाएगा। तीसरे चरण में फरीदाबाद से आश्रम की ओर आने वाले फ्लाईओवर के एक हिस्से और चौथे चरण में बाकी बचे हिस्से का मरम्मत कार्य होगा।

किस तरफ जाने वालों को होगी परेशानी

निश्चित तौर पर फ्लाईओवर के बंद होने से यहां लोगों की जाम की समस्या और ज्यादा बढ़ सकती है। विशेषतौर पर सरिता विहार, बदरपुर, न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी, कालिंदी कुंज, ओखला, NFC, नेहरू प्लेस, फरीदाबाद और नोएडा की आने-जाने वाले लोगों को इससे परेशानी होना संभव है। लोगों की सुविधा के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने कई वैकल्पिक मार्गों का सुझाव भी तैयार कर लिया है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article