दिल्ली

GRAP-II Delhi: दिल्ली में AQI पहुंचा 300 पार, आज भी GRAP-2 लागू; जानें कैसे तय होता है 'ग्रैप' का स्टेज

दिल्ली-NCR में सर्दी की शुरुआत के साथ वायु गुणवत्ता फिर से ‘बहुत खराब’ श्रेणी में पहुंच गई है। सोमवार की सुबह औसत AQI 315 दर्ज किया गया, जबकि अशोक विहार में यह 416 तक पहुंच गया। दिल्ली में GRAP का स्टेज-2 लागू है, जिसके तहत कई तरह की पाबंदियां हैं। प्रदूषण नियंत्रण के लिए यह बेहद जरूरी है, खासकर सर्दियों में जब हवा की गति कम होती है। आइए जानते हैं क्या है GRAP और यह कैसे लागू होता है।

Image

दिल्ली में आज भी GRAP 2 लागू

Photo : Times Now Digital

GRAP 2 in Delhi: सर्दी की शुरुआत के साथ दिल्ली-NCR की हवा एक बार फिर ‘बहुत खराब’ श्रेणी में पहुंच गई है। सोमवार (27 अक्टूबर) सुबह दर्ज एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 315 रहा, जो रविवार के मुकाबले तीन अंक कम है। हालांकि, यह अभी भी ‘बहुत खराब’ (Very Poor) श्रेणी में ही आता है। शनिवार को यह स्तर 257 था, जो ‘खराब’ श्रेणी में गिना गया था। यानी हवा की गुणवत्ता में थोड़ी गिरावट दर्ज की गई है।

हवा की गुणवत्ता और अनुमान

दिल्ली के लिए ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) का स्टेज-2 फिलहाल लागू है और दिल्ली की सड़कों पर स्प्रिंकलर्स चलाए जा रहे हैं। ये हवा में मौजूद प्रदूषण के कणों को पानी की बूंदों के साथ जमीन पर ले आते हैं। प्रदूषण कम करने की इस कवायद की दूसरी ओर एक चिंता वाली बात भी है। अर्ली वार्निंग सिस्टम के अनुसार, मंगलवार तक AQI 320 से 350 के बीच जा सकता है। इसका मतलब है कि प्रदूषण के स्तर में और बढ़ोतरी की आशंका बनी हुई है। निजी पोर्टल aqi.in के अनुसार, दिल्ली में सोमवार को सबसे ज्यादा AQI अशोक विहार में 416 दर्ज किया गया, जो ‘गंभीर’ (Severe) श्रेणी में है। गौतमपुरी में यह स्तर 415 और आनंद विहार में 322 रहा। यह आंकड़े विभिन्न मॉनिटरिंग स्टेशनों की स्थिति और मापदंडों के आधार पर अलग-अलग हो सकते हैं।

GRAP-2 में क्या हैं पाबंदियां

प्रदूषण के बढ़ते स्तर को देखते हुए राजधानी में ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) का दूसरा चरण लागू है। इसके तहत कई तरह की पाबंदियां लगाई गई हैं

  • डीजल जनरेटर चलाने पर रोक (केवल नैचुरल गैस, बायो गैस या एलपीजी आधारित जेनरेटर चल सकेंगे)।
  • निजी वाहनों के उपयोग को हतोत्साहित करने के लिए पार्किंग फीस में बढ़ोतरी।
  • सीएनजी और इलेक्ट्रिक बसों के फेरे बढ़ाए जाएंगे, साथ ही मेट्रो सेवाओं में भी बढ़ोतरी होगी।
  • आवासीय सोसायटियों (RWA) को अपने सिक्योरिटी गार्ड को हीटर देने होंगे ताकि वे गर्मी के लिए कचरा या लकड़ी न जलाएं।
  • 800 KVA से अधिक क्षमता वाले जेनरेटर तभी चल सकेंगे जब उन पर रेट्रोफिटिंग की गई हो।
delhi pollution

फिर बिगड़ी दिल्ली की हवा (फाइल फोटो)

GRAP क्या है और कैसे लागू होता है

GRAP (Graded Response Action Plan) दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए आयोग (CAQM) द्वारा तैयार किया गया एक एक्शन प्लान है, जिसे वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) के आधार पर चार चरणों में लागू किया जाता है।

स्टेज-1, जब AQI 201 से 300 के बीच होता है और हवा ‘खराब’ श्रेणी में आती है, तब निर्माण स्थलों पर धूल नियंत्रण, सड़कों की सफाई और पानी का छिड़काव किया जाता है, साथ ही कूड़ा जलाने पर रोक लगाई जाती है। स्टेज-2, यानी ‘बहुत खराब’ श्रेणी (AQI 301–400) में, सड़कों पर नियमित पानी का छिड़काव, डस्ट सप्रेसेन्ट का प्रयोग, पार्किंग फीस में बढ़ोतरी और सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने जैसे उपाय किए जाते हैं। स्टेज-3, जब AQI 401–450 तक पहुंचता है और हवा ‘गंभीर’ श्रेणी में होती है, तब निर्माण और मरम्मत कार्यों पर सख्त पाबंदी लगाई जाती है, बीएस-3 पेट्रोल और बीएस-4 डीजल वाहनों पर रोक लगती है और स्कूल बंद करने पर विचार किया जाता है। और स्टेज-4, यानी ‘बेहद गंभीर’ स्थिति (AQI 450+) में, सभी ट्रकों की एंट्री पर रोक लगाई जाती है, निर्माण गतिविधियों पर पूर्ण प्रतिबंध लागू होता है और स्कूलों में ऑनलाइन कक्षाओं का निर्देश दिया जाता है। GRAP का उद्देश्य हर स्तर पर प्रदूषण को नियंत्रित करना और नागरिकों को सुरक्षित वातावरण प्रदान करना है।

क्यों जरूरी है GRAP

सर्दियों के दौरान हवा की गति कम हो जाने और तापमान घटने से दिल्ली-NCR में पॉल्यूटेंट्स यानी प्रदूषक कण (PM2.5 और PM10) जमीन के पास ही जमा हो जाते हैं। फसलों की पराली जलाने, गाड़ियों के धुएं और निर्माण धूल के कारण यह समस्या और बढ़ जाती है। ऐसे में GRAP का उद्देश्य हर स्तर पर प्रदूषण पर अंकुश लगाना और हवा की गुणवत्ता में सुधार लाना है। दिल्ली में हवा की स्थिति लगातार बिगड़ रही है, लेकिन मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक शाम या रात में हल्की बारिश होने से प्रदूषण में थोड़ी राहत मिल सकती है। फिलहाल विशेषज्ञों की सलाह है कि लोग सुबह-शाम के समय खुली हवा में ज्यादा देर तक न रहें और मास्क का उपयोग करें।

दिल्ली के मौसम का हाल

सोमवार सुबह दिल्ली का न्यूनतम तापमान लगभग 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस से 31 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। मौसम विभाग (RMC Delhi) के अनुसार, दिन में आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहेगा और सुबह के समय हल्का कुहासा या धुंध देखने को मिल सकता है। शाम या रात के समय हल्की बूंदाबांदी या बारिश की संभावना भी जताई गई है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article