Delhi Hottest Day: मानसून के आखिरी दौर में मौसम में अचानक आए बदलाव ने चौंका दिया है। अमूमन बारिश से सराबोर रहने वाले सितंबर महीने में भी तापमान लगातार बढ़ रहा है। दिल्ली में सोमवार को सफदरजंग में अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे यह पिछले 85 वर्षों में सितंबर का सबसे गर्म दिन बन गया। दिल्ली का तापमान 40.1 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जो मौसम के औसत से छह डिग्री अधिक है। सितंबर में अधिकतम तापमान का सर्वकालिक रिकॉर्ड 40.6 डिग्री सेल्सियस है, जो 16 सितंबर, 1938 को दर्ज किया गया था। मौसम विभाग ने उच्च तापमान के लिए बारिश की कमी और कमजोर मानसून की स्थिति को जिम्मेदार ठहराया।
दिल्ली में बारिश में 61 प्रतिशत कमी
अगस्त का महीना आमतौर पर शहर के लिए सबसे अधिक बारिश वाला महीना होता है। दिल्ली में बारिश में 61 प्रतिशत की कमी देखी गई, जबकि सितंबर में भी अब तक कोई बारिश नहीं हुई है। जबकि 4 सितंबर तक इस महीने में सामान्य बारिश 32.4 मिमी रही। क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र (आरएमसी) के 7 दिनों के पूर्वानुमान में कहा है कि शहर में आज और कल आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने कहा कि इस सप्ताह अधिकतम और न्यूनतम तापमान 37 और 27 डिग्री सेल्सियस रहेगा।
इसी तरह, बारिश में भारी कमी के बीच इस साल देश में अगस्त में एक सदी से भी अधिक समय में सबसे अधिक औसत तापमान दर्ज किया गया। आईएमडी ने कहा कि अगस्त 2023 में अखिल भारतीय औसत और अधिकतम तापमान 1901 के बाद से सबसे अधिक था और न्यूनतम तापमान दूसरा सबसे अधिक था। बारिश की भारी कमी और कमजोर मानसून की स्थिति उच्च तापमान का मुख्य कारण है।
दिल्ली में आज आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना: आईएमडी
आईएमडी ने बुधवार को दिन के दौरान राष्ट्रीय राजधानी में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और बहुत हल्की बारिश या गरज के साथ बारिश होने का अनुमान लगाया है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, बुधवार सुबह न्यूनतम तापमान 25.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जो औसत के करीब है। हालांकि, अधिकतम तापमान 37 डिग्री के आसपास रहने की उम्मीद है। इसे शुष्क मौसम का परिणाम कहें या अल नीनो प्रभाव का, सोमवार 4 सितंबर पिछले 123 साल में सितंबर में दूसरा सबसे गर्म दिन रहा जब पारा 40.1 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। यह 16 सितंबर 1938 (40.6 डिग्री सेल्सियस) के बाद सितंबर का सबसे गर्म दिन था।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
