दिल्ली

Delhi Police का खास कदम: ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को दिए जाएंगे एयर-फिल्टर मास्क, प्रदूषण और सर्दी से बचाव की बनाई योजना

दिल्ली पुलिस ने बढ़ते प्रदूषण और गिरते तापमान को देखते हुए ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की सुरक्षा के लिए एक योजना बनाई है। इस योजना के तहत ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को अच्छी क्वालिटी के मास्क और सर्दियों के कपड़े दिए जाएंगे। साथ ही साथ नियमित स्वास्थ्य जांच जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएगी।

Image

प्रदूषण और सर्दी से बचाव के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को दिए जाएंगे मास्क और कपड़े

Delhi News: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की में वायु गुणवत्ता के ‘बहुत खराब’ श्रेणी में बनी हुई है। इसके साथ ही तापमान में गिरावट भी देखी जा रही है। प्रदूषण और गिरते तापमान के बीच दिल्ली पुलिस ने अपने यातायात कर्मियों को प्रदूषण और सर्दी के दुष्प्रभावों से बचाने के लिए एक व्यापक योजना तैयार की है। दिल्ली यातायात पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इस योजना के तहत कर्मियों को उच्च गुणवत्ता वाले एयर-फिल्टर मास्क, सर्दियों के कपड़े और नियमित स्वास्थ्य जांच जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, ताकि उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

ट्रैफिक पुलिस की सुरक्षा के लिए बढ़ाए गए उपाय

न्यूज एजेंसी पीटीआई के अनुसार, वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि गुरुवार को कहा, “हर साल की तरह जब दिल्ली में धुंध छाने लगती है और वायु गुणवत्ता गिरती है, तो यातायात पुलिसकर्मी सबसे अधिक प्रभावित समूहों में शामिल होते हैं क्योंकि उन्हें लंबे समय तक खुले में ड्यूटी करनी पड़ती है। इस बार हमने उनके लिए सुरक्षा उपायों को और मजबूत करने का निर्णय लिया है।” अधिकारी ने बताया कि दिल्ली यातायात पुलिस में करीब 6,000 कर्मी हैं, और प्रत्येक को मास्क, सर्दियों के कपड़े और अन्य आवश्यक सामग्री दी जा रही है ताकि वे अपनी जिम्मेदारियां ठीक से निभा सकें।

उन्होंने कहा, “इस वर्ष हम अपने कर्मियों को उच्च गुणवत्ता वाले लगभग 50,000 मास्क वितरित कर रहे हैं। पिछले साल हमने एन-95 मास्क दिए थे, लेकिन इस बार हमने और प्रभावी तथा टिकाऊ मास्क उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है, जो प्रदूषण और धूल से बेहतर सुरक्षा प्रदान करते हैं।” एक अन्य अधिकारी ने बताया कि यह पहल दिल्ली पुलिस की एक व्यापक सुरक्षा योजना का हिस्सा है, जिसे सर्दियों में बढ़ते प्रदूषण और गिरते तापमान से निपटने के लिए तैयार किया गया है।

दिल्ली में एक्यूआई बहुत खराब श्रेणी में पहुंचा

हाल के दिनों में दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 350 के पार पहुंच गया है, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है, जबकि कई इलाकों में धुंध के कारण दृश्यता भी घटी है। अधिकारी ने कहा, “यातायात कर्मी रोजाना आठ से दस घंटे तक प्रमुख चौराहों और भीड़भाड़ वाले मार्गों पर ड्यूटी करते हैं, अक्सर बिना किसी आश्रय के। ऐसे में उनके स्वास्थ्य की सुरक्षा और उन्हें पर्याप्त संसाधन मुहैया कराना बेहद जरूरी है।” उन्होंने बताया कि दिल्ली यातायात पुलिस अपने टोडापुर मुख्यालय में नियमित स्वास्थ्य शिविर भी आयोजित कर रही है, ताकि कर्मियों की शारीरिक और मानसिक सेहत की निगरानी की जा सके और जरूरत पड़ने पर समय रहते इलाज सुनिश्चित किया जा सके।

अधिकारी ने कहा “हम वर्षभर हर महीने दो से तीन बार टोडापुर स्थित यातायात पुलिस मुख्यालय में स्वास्थ्य शिविर लगाते हैं।” इन शिविरों में विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ चिकित्सक जैसे नेत्र रोग विशेषज्ञ और सामान्य चिकित्सक कर्मियों की जांच करते हैं। साथ ही, मनोवैज्ञानिकों को भी बुलाया जाता है ताकि कर्मियों को तनाव प्रबंधन और मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया जा सके। अधिकारी ने बताया कि यातायात ड्यूटी की कठिन प्रकृति को देखते हुए, कर्मियों के कल्याण के लिए अतिरिक्त कदम भी उठाए जा रहे हैं।

(इनपुट - भाषा)

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहा author

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्... और देखें

End of Article