शहर

रोटी के छोटे टुकड़े के लिए छोटे भाई ने की बड़े भाई की हत्या! यूपी से सामने आई हैरान करने वाली घटना, गांव में मची सनसनी

Jhinjhana Thana Shamli News: अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला ने शुक्रवार को पत्रकारों को बताया कि दोनों भाइयों के बीच रात के खाने के दौरान रोटी के एक टुकड़े को लेकर बहस हो गई थी। देखते ही देखते मामूली कहासुनी बड़े झगड़े में बदल गई।

Image

प्रतीकात्मक तस्वीर (फोटो साभार- AI)

Jhinjhana Thana Shamli News: उत्तर प्रदेश के शामली जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां झिंझाना थाना क्षेत्र में रोटी के एक टुकड़े को लेकर हुए मामूली झगड़े में छोटे भाई ने कथित तौर पर बड़े भाई की हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने आरोपी छोटे भाई को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, यह घटना बृहस्पतिवार रात झिंझाना थाने के इलाके में हुई। मृतक की पहचान 25 वर्षीय सनी कुमार के रूप में हुई है। आरोपी उसके छोटे भाई पंकज (23) को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

रोटी के छोटे टुकड़े को लेकर भाई ने भाई को मारा

अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला ने शुक्रवार को पत्रकारों को बताया कि दोनों भाइयों के बीच रात के खाने के दौरान रोटी के एक टुकड़े को लेकर बहस हो गई थी। देखते ही देखते मामूली कहासुनी बड़े झगड़े में बदल गई। झड़प के दौरान पंकज ने कथित तौर पर सनी को धक्का दे दिया, जिससे वह दीवार से टकरा गया और उसके सिर में गंभीर चोट लग गई। परिजनों और आसपास के लोगों ने घायल सनी को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के मुताबिक सिर में लगी चोट ही मौत की वजह बनी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस ने आरोपी पंकज को हिरासत में लिया

पुलिस ने बताया कि माता-पिता की मौत के बाद दोनों भाई घर में साथ रह रहे थे। दोनों के बीच पहले भी कभी-कभी घरेलू बातों को लेकर कहासुनी हो जाती थी, लेकिन किसी ने नहीं सोचा था कि एक छोटी सी बात इतनी बड़ी घटना का रूप ले लेगी। घटना की सूचना मिलते ही झिंझाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। इसके बाद आरोपी पंकज को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने घटना की बात स्वीकार की।

गांव के लोग घटना से हैरान

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच की जा रही है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना के समय घर में और कौन-कौन मौजूद था और झगड़ा किस बात पर शुरू हुआ था। गांव के लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article