Indian Railway News: दिल्ली-एनसीआर से नए साल में माता वैष्णो देवी के दर्शन करने जाने वाले लोगों के लिए खुशखबरी है। यात्रियों की मांग को ध्यान में रखकर उत्तर रेलवे ने नई दिल्ली से श्री माता वैष्णो देवी कटरा के लिए स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा की है। यह ट्रेन नए साल पर नई दिल्ली और कटरा के बीच दो फेरे लगाएगी। इसके साथ ही बिहार के रेल यात्रियों को भी रेलवे ने नए साल का तोहफा दिया है। उत्तर रेलवे आनंद विहार टर्मिनल से दरभंगा के बीच स्पेशल ट्रेन चलाने जा रहा है। यह ट्रेन सप्ताह में दो बार चलेगी और कुल 54 फेरे लगाएगी।
उत्तर रेलवे द्वारा जारी नोटिफिकेशन के अनुसार, नई दिल्ली से श्री माता वैष्णो देवी कटरा के बीच 30 दिसंबर 2022 को स्पेशल रेलगाड़ी संख्या 01635/01636 चलाई जाएगी। नई दिल्ली-श्री माता वैष्णो देवी कटरा स्पेशल ट्रेन 30 दिसंबर को नई दिल्ली से रात 11:30 बजे खुलेगी और अगले दिन सुबह 11:20 बजे श्री माता वैष्णो देवी कटरा पहुंचेगी। वहीं, वापसी में यह ट्रेन श्री माता वैष्णो देवी कटरा से नई दिल्ली के लिए 1 जनवरी 2023 को रात्रि 11:50 बजे प्रस्थान करेगी और 2 जनवरी को सुबह करीब 11:40 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। इस स्पेशल ट्रेन में वातानुकूलित, शयनयान और सामान्य श्रेणी की बोगी होगी। यह ट्रेन रास्ते में सोनीपत, पानीपत, करनाल, कुरुक्षेत्र जंक्शन, अम्बाला कैंट, लुधियाना, जालंधर कैंट, पठानकोट कैंट, जम्मू तवी और उधमपुर स्टेशन पर ठहराव करेगी।
दरभंगा-आनंद विहार टर्मिनल स्पेशल
रेलवे द्वारा आनंद विहार टर्मिनल से दरभंगा के लिए 05527/28 स्पेशल ट्रेन शुरू की गई है। यह द्वि-साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन 29 दिसंबर 2022 से 30 मार्च 2023 तक दरभंगा-आनंद विहार टर्मिनल के बीच प्रत्येक गुरुवार और रविवार को चलेगी। यह दरभंगा से दोपहर 01:15 बजे खुलने के बाद अगले दिन दोपहर 1 बजे आनंद विहार पहुंचेगी। वहीं, आनंद विहार टर्मिनल-दरभंगा से यह ट्रेन 30 दिसंबर 2022 से 31 मार्च 2023 तक सप्ताह के शुक्रवार और सोमवार को दोपहर 03:30 बजे खुलेगी और अगले दिन दोपहर 03:45 बजे दरभंगा पहुंचेगी। इस स्पेशल ट्रेन में वातानुकूलित, शयनयान तथा सामान्य श्रेणी की बोगी लगाई गई है। यह ट्रेन आनंदर विहार से चलकर गाजियाबाद, मुरादाबाद, सीतापुर, गोंडा, बस्ती, गोरखपुर, नरकटियागंज, रक्सैल जंक्शन, बरगनिया, सीतामढ़ी और जनकपुर रोड स्टेशन पर ठहराव करेगी।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
