दिल्ली

Delhi New Year Gift: साल 2023 में राजधानी होगी जाम फ्री, मिलेगा इन एक्‍सप्रेसवे, फ्लाईओवर और अंडरपास का गिफ्ट

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 28, 2022, 01:04 PM IST

Delhi New Year Gift: राजधानी दिल्ली को नए साल में ट्रैफिक जाम से बड़ी राहत मिलने वाली है। साथ ही दिल्‍ली से देश के दूसरे बड़े शहरों में जाने में भी आसानी होगी। नए साल में दिल्‍ली को कई एक्‍सप्रेसवे, फ्लाईओवर और अंडरपास की सौगात मिलने वाली है। इससे लोगों को रोजाना ट्रैफिक जाम में फंसकर अपना समय नहीं बर्बाद करना पड़ेगा।

Image

निर्माणाधीन दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे

Photo : Twitter
KEY HIGHLIGHTS
  • फरवरी 2023 से दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का 276 किमी का हिस्‍सा शुरू होगा
  • द्वारका एक्सप्रेसवे और अर्बन एक्सटेंशन रोड शुरू होने पर दिल्‍ली एनसीआर को राहत
  • दो फ्लाईओवर और एक अंडरपास दिलाएंगे दिल्‍ली को जाम से मुक्ति

Delhi New Year Gift: राजधानी दिल्ली अपने ट्रैफिक जाम के कारण पूरे देश-दुनिया में मशहूर है। यहां की सड़कों पर लगने वाले हैवी ट्रैफिक जाम में लोगों को रोजाना घंटों फंसना पड़ता है। हालांकि नया साल दिल्‍ली वालों को इस बड़ी समस्‍या से निजात दिला सकता है। क्‍योंकि वर्ष 2023 में दिल्ली को देश के दूसरे प्रमुख शहरों से कनेक्‍ट करने के लिए जहां चार एक्‍सप्रेसवे की सौगात मिल सकती है, वहीं राजधानी के अंदर तीन अहम अंडरपास भी शुरू हो जाएंगे। इससे दिल्‍ली के अंदर और दिल्‍ली से दूसरे शहरों में जाने के लिए लोगों को ट्रैफिक जाम में नहीं फंसना पड़ेगा। आइये जानते हैं कि कौन से एक्‍सप्रेसवे, फ्लाईओवर और अंडरपास मिलेंगे राजधानी को ।

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे और दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे

यह देश का सबसे बड़ा और सबसे अहम एक्‍सप्रेसवे होने वाला है। राजधानी दिल्‍ली को आर्थिक राजधानी मुंबई से जोड़ने के लिए इस एक्‍सप्रेसवे को गुरुग्राम के सोहना से मुंबई तक बनाया जा रहा है। इस 8 लेन के एक्‍सप्रेसवे को 96 हजार करोड़ रुपये में बनाया जा रहा है। इसके तैयार होने पर दिल्ली से मुंबई 12 घंटे में पहुंचा जा सकेगा। सोहना से राजस्थान के दौसा तक एक्‍सप्रेसवे का 276 किमी हिस्‍सा फरवरी 2023 तक शुरू कर दिया जाएगा। दिल्‍ली के अक्षरधाम मेट्रो स्टेशन से देहरादून तक बन रहा यह एक्‍सप्रेसवे 210 किमी लंबा है। छह लेन का यह एक्सप्रेसवे दिल्‍ली के आईटीओ, सिग्नेचर ब्रिज, आईएसबीटी कश्मीरी गेट और दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे से जुड़ेगा। यह दिसंबर 2023 तक पूरा हो जाएगा।

द्वारका एक्सप्रेसवे और अर्बन एक्सटेंशन रोड

दिल्ली-जयपुर नेशनल हाईवे-48 को बाईपास करने के लिए 29 किमी लंबा द्वारका एक्सप्रेसवे बन रहा है। इस 8 लेन के एक्‍सप्रेसवे को अगस्त 2023 तक शुरू कर दिया जाएगा। इस एक्सप्रेसवे में 6.3 किलोमीटर लंबी देश की सबसे लंबी अर्बन टनल भी शामिल है। इसके बनने से दिल्ली-हरियाणा बॉर्डर पर लगने वाले भीषण जाम से राहत मिलेगी। वहीं, दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे, दिल्ली-चंडीगढ़, दिल्ली-द्वारका और इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को जोड़ने के लिए 75.5 किलोमीटर लंबी अर्बन एक्सटेंशन रोड-2 बन रही है। छह लेन का यह एक्सटेंशन रोड अगस्त 2023 तक तैयार हो जाएगा।

ये फ्लाईओवर और अंडरपास दिल्‍ली को दिलाएंगे जाम से राहत

दिल्‍ली को गाजियाबाद और नोएडा से जोड़ने वाले आश्रम फ्लाईओवर को डीएनडी से जोड़ा जा रहा है। इसका करीब 70 फीसदी काम पूरा हो गया है। यह फरवरी 2023 के अंत तक शुरू हो जाएगा। अप्सरा बॉर्डर को आनंद विहार रेलवे ओवरब्रिज से जोड़ने के लिए 1.44 किमी लंबा छह लेन का फ्लाईओवर बन रहा है। यह दिसंबर 2023 तक तैयार होगा। इसी तरह आईटीओ से रिंग रोड के रास्ते आश्रम जाने वाले वाहनों के लिए अंडरपास बन रहा है। इसका निर्माण भी अक्टूबर 2023 तक पूरा हो जाएगा।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article