Delhi NCR Weather Today: दिल्ली-एनसीआर में पारा आसमान में पहुंच गया है। गुरुवार को अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हालांकि, शुक्रवार को मौसम थोड़ा नर्म रहेगा। मौसम विभाग ने तेज धूप और गर्मी के बीच बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। कहा है कि 13 और 14 अप्रैल को आसमान से आंशिक बादल छाए रहने के साथ कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश की बौछारें पड़ सकती हैं। इस दौरान तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी मौसम को सुहावना कर सकती हैं। फिलहाल, लोग गर्मी से राहत के लिए पंखे और कूलर के साथ एसी का प्रयोग कर रहे हैं। मौसम विभाग का कहना है कि राजधानी से सटे शहरों में अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तक रहेगा। उधर, डॉक्टरों ने लोगों से मौसमी उतार चढ़ाव के बीच सतर्क रहने को कहा है। इन दिनों सरकारी और प्राइवेट अस्पतालों की ओपीडी में मौसमी बुखार के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है।
नजफगढ़ में पारा 40.1 डिग्री सेल्सियस
राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 21.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी। दिल्ली में सुबह 8:30 बजे तक सापेक्षिक आर्द्रता का स्तर 27 प्रतिशत दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने दिल्ली में दिन में बादल छाए रहने का अनुमान जताया है। वहीं, अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। वहीं, गुरुवार को अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत तापमान से तीन डिग्री अधिक है। आईएमडी के मुताबिक, दिन के दौरान सापेक्षिक आर्द्रता 77 प्रतिशत से 33 प्रतिशत के बीच रही। मौसम विभाग कार्यालय ने शुक्रवार को दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान लगाया है, जिससे न्यूनतम और अधिकतम तापमान क्रमश: 21 और 39 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। अगले 24 घंटों के लिए ताप सूचकांक 40 डिग्री सेल्सियस से कम रहने का अनुमान है। आईएमडी के आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली में पिछले तीन दिनों से अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के करीब है, गुरुवार को नजफगढ़ में पारा 40.1 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। उधर, मौसम विभाग ने शनिवार को बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। उम्मीद है कि इससे तापमान में मामूली गिरावट देखने को मिलेगी।
वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय
इधर, एनसीआर के नोएडा-ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद समेत कई क्षेत्रों में दिन में भी तापमान में बढ़ोतरी देखी जा रही है। दिन में सूरज के तेवर लोगों के पसीने छूट रहे हैं। फिलहाल, तापमान में कोई गिरावट की कोई गुंजाइश नहीं दिखाई दे रही है, लेकिन दिल्ली के साथ इन इलाकों में दो से तीन दिन बाद आसमान में बादल छाए रहने से धूप और गर्मी से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में तेज हवा के साथ बूंदाबांदी के आसार जताए हैं। मौसम विभाग का कहना है कि पहाड़ी राज्यों में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस धीरे-धीरे फिर सक्रिय हो रहा है, जिसका असर मैदानी इलाकों में देखने को मिलने लगा है। यही कारण है कि उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कई शहरों में बुधवार की शाम से तेज हवाओं के साथ बारिश ने दस्तक दे दी है, जिससे लोगों को फौरी तौर पर गर्मी से राहत मिली है।राजस्थान में बारिश
इसके अलावा गुजरात, महाराष्ट्र में लू चलने का अलर्ट घोषित है। उधर, पश्चिम बंगाल, आंध्र प्रदेश कर्नाटक में बढ़ती गर्मी के साथ हीट वेव चलने का अलर्ट जारी किया है। गुजरात के कई शहरों में भीषण गर्मी पड़ रही है। कई शहरों में तापमान 40 डिग्री के ऊपर चला गया है। शुक्रवार को अहमदाबाद में न्यूनतम तापमान 25 डिग्री और अधिकतम 39 डिग्री रहा है। वहीं, अहमदाबाद में दोपहर 12 बजे से 4 बजे तक सिग्नल बंद करने का फैसला लिया गया है। इसके अवाला दक्षिण भारत के राज्यों में लू का अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि, राजस्थान में पिछले 36 घंटे से हल्की से मध्यम बारिश जारी है, जिससे गर्मी से थोड़ी राहत मिल रही है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
