Aaj Aur Kal ka Mausam kaisa Rahega Delhi NCR Main: दिल्ली-एनसीआर के कई हिस्सों में शुक्रवार को आंधी-तूफान के बाद शनिवार से मौसम कूल-कूल बना हुआ है। दिल्ली सहित एनसीआर क्षेत्र में रहने वाले लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। शुक्रवार को तेज हवाएं और शनिवार को बूंदाबांदी के बाद आज भी शहर का मौसम खुशनुमा बना रहेगा। दिल्ली-एनसीआर में मौसम का मिजाज आज भी बदला-बदला सा है और आने वाले दिनों में भी ऐसा ही रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने आंधी और बारिश की स्थिति को देखते हुए दिल्ली में येलो अलर्ट जारी कर दिया है।
दिल्ली-एनसीआर में आज होगी बारिश
शनिवार को नरेला, मयूर विहार, पूसा, राजघाट, मुंगेशपुर और लोधी रोड पर दोपहर के समय हल्की बारिश हुई थी, जिसके बाद से शहर का मौसम सुहावना बना हुआ है। मौसम विभाग ने शनिवार के बाद आज यानी रविवार, 12 मई 2024 को भी दिल्ली में धूल भरी आंधी के साथ बूंदाबांदी होने की संभावना जताई है। शुक्रवार की स्थिति को देखते हुए विभाग ने शहर में येलो अलर्ट जारी कर दिया है। हवाओं और बारिश का सिलसिला आने वाले 3 से 4 दिन तक जारी रहने की उम्मीद जताई गई है। इसका अर्थ ये है कि आने वाले दिनों तक दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद के निवासियों को गर्मी से राहत मिलेगी।
आंधी के बाद तबाही का मंजर
दिल्ली-एनसीआर क्षेत्रों में शुक्रवार रात चली आंधी ने जमकर तबाही मचाई। जगह-जगह पर पेड़ गिरे मिले तो कई स्थानों पर बिजली के पोल। तेज हवाओं से इमारतों को भी भारी नुकसान झेलना पड़ा। दिल्ली में पेड़ गिरने से 2 लोगों की मौत और 6 लोग घायल हुए वहीं इमातरों के क्षतिग्रस्त होने से 17 लोग घायल हुए। इसके अलावा गाजियाबाद और नोएडा में भी एक-एक व्यक्ति की मौत की सूचना मिली थी।
आने वाले दिनों में कैसा रहेगा दिल्ली-एनसीआर में मौसम का हाल
दिल्ली-एनसीआर के मौसम पर जानकारी देते हुए बताया कि 12 मई से लेकर 15 मई तक आसमान में बादल छाए रहेंगे। इस दौरान गरज के साथ बारिश होने की भी संभावना है। आईएमडी की रिपोर्ट के अनुसार, 13 मई को भी दिल्ली-एनसीआर में बारिश होने की संभावना है। उसके बाद एक बार फिर तापमान में बढ़ौतरी शुरू होगी। 14 और 15 मई को शहर का तापमान बढ़कर 41-42 डिग्री सेल्सियस जा सकता है। 16 और 17 मई को तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
