दिल्ली

Delhi-NCR Aaj Ka Mausam: दिल्ली-एनसीआर में सर्दी का सितम, तेजी से लुढ़क रहा पारा, जानें दिसंबर में कैसा रहेगा मौसम का हाल?

Delhi-NCR Ka Mausam (दिल्ली-एनसीआर में आज का मौसम कैसा रहेगा) 30-Nov-2025: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के साथ एनसीआर क्षेत्रों में भी सुबह-शाम के दौरान कड़ाके की ठंड पड़ रही है। न्यूनतम तापमान के साथ अधिकतम तापमान में गिरावट आ रही है। दिसंबर में दिल्ली-एनसीआर में भीषण सर्दी का सामना करना पड़ेगा।

Image

Delhi Weather

Delhi-NCR Ka Mausam (दिल्ली-एनसीआर में आज का मौसम कैसा रहेगा) 30-Nov-2025: दिल्ली-एनसीआर में ठंड का सितम बढ़ता जा रहा है। तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। राजधानी का न्यूनतम तापमान 8 से 9 डिग्री के बीच बना हुआ है, तो वहीं एनसीआर क्षेत्रों का न्यूनतम तापमान 9 से 11 डिग्री के बीच दर्ज किया जा रहा है। इस बीच शहरों में हवाएं चल रही हैं, जिससे ठंड का अहसास बढ़ गया है। हालांकि धूप खिली रहने से मौसम में गुनगुनाहट महसूस की जा रही है, जिससे लोगों को अभी राहत मिल रही है। लेकिन सवाल ये है कि यह राहत और कितने दिन? दिसंबर महीने की शुरुआत होने वाली है और मौसमी गतिविधियों में आ रहे बदलाव को देखते हुए माना जा रहा है कि दिसंबर में दिल्ली-एनसीआर में रहने वाले लोगों को न केवल भीषण सर्दी बल्कि शीतलहर और कोहरे का भी सामना करना पड़ेगा। आइए आपको बताएं कैसा रहेगा आज और दिसंबर के महीने में दिल्ली और एनसीआर में मौसम का हाल।

दिल्ली में आज मौसम कैसा रहेगा?

राजधानी दिल्ली में सुबह की शुरुआत कंपकंपा देने वाली ठंड के साथ हुई। दिन चढ़ने के साथ धूप खिल गई है और हल्की गुनगुनाहट महसूस की जा रही है। लेकिन ठंड के साथ दिल्ली का प्रदूषण भी बढ़ता जा रहा है। शहर में धुंध की परत छाई हुई है। लोगों को सांस लेने में दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। दिल्ली की जहरीली हवा और दिल्ली की सर्दी लोग दोनों की ही मार झेल रहे हैं। शहर के तापमान की बात करें तो आईएमडी कि रिपोर्ट के अनुसार, आज दिल्ली का न्यूनतम तापमान 9 डिग्री और अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। दिन के समय धूप के कारण तापमान में मामूली वृद्धि हो सकती है, लेकिन शाम होते ही तापमान गिरेगा और रात के समय कंपकंपा देने वाली सर्दी महसूस होगी।

एनसीआर में कैसा रहेगा मौसम का हाल?

दिल्ली की तरह ही एनसीआर में भी मौसम बदलने लगा है। यहां भी तापमान 10 डिग्री और उसके नीचे दर्ज किया जा रहा है। तेज हवाएं चल रही हैं और लोगों सुबह-शाम के दौरान कंपकंपाहट का अहसास होने लगा है। दिन में धूप खिल रही है, लेकिन चल रही हवाओं के कारण उनका तीखापन महसूस नहीं हो रहा है और गुनगुनी धूप के होने से ठंड से हल्की राहत मिल रही है। तापमान की बात करें तो गुरुग्राम और फरीदाबाद में अधिकतम तापमान 24 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9 से 10 के बीच में बना हुआ है। वहीं गाजियाबाद और नोएडा में न्यूनतम तापमान 10 से 12 डिग्री और अधिकतम तापमान 24 से 25 डिग्री के बीच दर्ज किया जा रहा है।

नवंबर में कैसा रहा दिल्ली का मौसम?

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में इस साल ठंड के मौसम ने जल्दी दस्तक दे दी थी। अक्टूबर के अंतिम सप्ताह से शहर में सुबह-शाम की ठंड बढ़ने लगी और नवंबर की शुरुआत ठंड के साथ हुई। बता दें कि इस बार नवंबर के महीने में पड़ी ठंड ने पिछले 5 सालों का रिकॉर्ड तोड़ा है। भले ही दिन में धूप खिली रहने से लोगों को सर्दी राहत मिली, लेकिन सुबह-शाम में कंपा देने वाली ठंड से सुबह मॉर्निंग वॉक करने वाले लोगों की संख्या में कमी दर्ज की गई। पूरे महीने तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिला। तेज हवाओं ने नवंबर के माह में दिल्ली में सर्दी का सितम बनाए रखा।

दिसंबर में कैसा रहेगा मौसम का हाल?

मौसम गतिविधियों के अनुसार बात करें तो दिल्ली में अब सही मायनों भीषण सर्दी का आगाज होने वाला है। जी हां, यह वही सर्दी होगी, जिसे देश में 'दिल्ली की सर्दी' के रूप में जाना जाता है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, आने वाले दिनों में या यूं कहें 5 दिसंबर तक दिल्ली का न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाएगा। फिलहाल शीतलहर चलने को लेकर कोई पूर्वानुमान नहीं लगाया गया है, लेकिन तापमान के सामान्य ने नीचे जाते ही दिल्ली में शीतलहर चलने के आसार बनने लगेंगे। न्यूनतम तापमान के साथ अधिकतम तापमान में भी दिसंबर के महीने में ठंड का प्रकोप देखने को मिलेगा। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, दिसंबर के पहले सप्ताह में सुबह के समय कोहरा देखने को मिलेगा।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article