Delhi Mayor Election: दिल्ली मेयर के चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी और बीजेपी आमने सामने है। आरोप-प्रत्यारोप, पार्षदों के खरीद फरोख्त का आरोप और कोर्ट की लड़ाई सभी कुछ इस चुनाव में चल रहा है। अब उम्मीद है कि दिल्ली मेयर का चुनाव 22 फरवरी को हो सकता है। दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने इसका प्रस्ताव एलजी को भेजा है।
क्या कहा सीएम ने
दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने एक प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा- "मेयर चुनाव के मामले में आप और दिल्ली के लोगों की सुप्रीम कोर्ट में बड़ी जीत हुई है। एलजी-बीजेपी वाले असंवैधानिक तरीक़े से भाजपा का मेयर बनाने की कोशिश कर रहे थे। जिसे सुप्रीम कोर्ट ने नाकाम कर दिया है। मैंने, एलजी साहब को 22 फरवरी को मेयर चुनाव करवाने का प्रस्ताव भेजा है।"
अब तक क्या हुआ
आप-बीजेपी की लड़ाई के चलते दिल्ली में मेयर का चुनाव तीन बार रुक चुका है। मेयर के चुनाव को लेकर दोनों के पार्षदों पर हाथपाई तक के आरोप लग चुके हैं। 6 जनवरी को, जब निकाय चुनावों के बाद पहली बार एमसीडी हाउस की बैठक बुलाई गई थी, तब बीजेपी और आप के सदस्यों के बीच तीखी नोकझोंक के बाद इसे स्थगित करना पड़ गया था।
शपथ के बाद स्थगित
24 जनवरी को आयोजित दूसरी बैठक शपथ ग्रहण समारोह के बाद स्थगित कर दिया गया था। इसके बाद तीसरी बार बैठक बुलाई गई, लेकिन हाल वही रहा और इस बार भी बिना मेयर का चुनाव किए सदन स्थगित कर दिया गया।
कोर्ट में क्या हुआ
शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट ने मेयर के चुनाव की तारीख तय करने के लिए नगर निगम की पहली बैठक बुलाने के लिए 24 घंटे के भीतर नोटिस जारी करने का आदेश दिया। आप की मेयर पद की उम्मीदवार शैली ओबेरॉय ने जल्द चुनाव कराने की मांग को लेकर याचिका दायर की थी।
चुनाव में क्या हुआ था
4 दिसंबर को हुए चुनावों में आप स्पष्ट विजेता के रूप में उभरी है। आप ने 134 वार्डों पर जीत हासिल कर निकाय निकाय में भाजपा के 15 साल के शासन को समाप्त कर दिया था। वहीं भाजपा ने 104 वार्ड जीतकर दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि कांग्रेस ने नौ सीटें जीतीं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
