Delhi News: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने आतंकी संगठन ISIS से जुड़े एक मॉड्यूल का खुलासा करते हुए दो आतंकियों को गिरफ्तार किया है। इनमें से एक आतंकी दिल्ली का रहने वाला है, जबकि दूसरा मध्य प्रदेश से पकड़ा गया है। बताया जा रहा है कि ये दोनों आतंकी दिल्ली में दीवाली के दौरान भीड़भाड़ वाले इलाकों में IED ब्लास्ट और फिदायीन हमले की साजिश रच रहे थे।
दिल्ली और भोपाल से हुई गिरफ्तारी
स्पेशल सेल की रेड के दौरान एक आतंकी को 16 अक्टूबर को साउथ दिल्ली से गिरफ्तार किया गया, जबकि दूसरे आतंकी को 21 अक्टूबर को भोपाल (मध्य प्रदेश) से पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार, दोनों ISIS के सक्रिय मॉड्यूल का हिस्सा थे और लंबे समय से देश में आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने की साजिश रच रहे थे।
IED और फिदायीन हमले की तैयारी में थे आतंकी
एडिशनल सीपी, स्पेशल सेल प्रमोद कुशवाह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी दी कि, गिरफ्तार आतंकियों ने IED (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) तैयार करने की ट्रेनिंग ले रखी थी। उनके पास से विस्फोटक बनाने की सामग्री, टाइमर घड़ी, ISIS के प्रोपेगेंडा वीडियो, लैपटॉप में ब्लास्ट से जुड़ा डेटा और वीडियो बरामद किए गए हैं। पुलिस को IED बनाने का वीडियो भी मिला है।
दिल्ली के मॉल और पार्क की हई थी रेकी
जांच में खुलासा हुआ है कि दोनों आतंकियों ने साउथ दिल्ली के एक मॉल और सार्वजनिक पार्क की रेकी की थी। उनका इरादा था कि दीवाली के मौके पर यहां बड़ा धमाका कर अधिकतम नुकसान पहुंचाया जाए। एडिशनल सीपी (स्पेशल सेल) प्रमोद कुशवाहा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि आतंकियों ने दिल्ली के कई इलाकों में रेकी की थी और वे दीवाली पर बड़ा धमाका करने की बात कर रहे थे।
ISIS से था संपर्क
गिरफ्तार आतंकियों के पास से इंस्टाग्राम ID और विदेशी अकाउंट से चैटिंग के सबूत मिले हैं। बताया जा रहा है कि वे सीरिया-तुर्की बॉर्डर से संचालित ID के संपर्क में थे। अकाउंट के जरिए वे ISIS का प्रचार सामग्री और वीडियो साझा करते थे। इंस्टा ID को 2-3 लोग मिलकर ऑपरेट कर रहे थे।
एक आरोपी को पहले भी पकड़ चुकी है UP ATS
भोपाल से गिरफ्तार आतंकी अदनान को पहले भी उत्तर प्रदेश एटीएस ATS कर चुकी थी। उस वक्त वह भारत में ISIS की मीडिया गतिविधियों को संभाल रहा था। अब वह फिर से सक्रिय होकर हमले की योजना बना रहा था। स्पेशल सेल के अनुसार, अभी भी कई संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है और उनसे पूछताछ जारी है। खुफिया एजेंसियां मॉड्यूल के अन्य सदस्यों की पहचान करने में जुटी हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
