Delhi Yamuna Water Level: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने यमुना नदी का जलस्तर 206 मीटर के निकासी चिह्न की ओर बढ़ने के बीच मंगलवार को गीता कॉलोनी फ्लाईओवर के पास एक राहत शिविर का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। साथ ही, उन्होंने जनता से बातचीत कर उनसे उनकी परेशानयों को जाना व समझा। अधिकारियों के अनुसार, मंगलवार सुबह यमुना का जलस्तर पुराने रेलवे पुल पर खतरे के निशान 205.33 मीटर को पार कर 205.80 मीटर तक पहुंच गया, जिससे दिल्ली के निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा उत्पन्न हो गया।
राहत शिविरों में सभी व्यवस्थाएं पूरी
मुख्यमंत्री ने बताया कि स्थिति नियंत्रण में है। उन्होंने बताया कि हथिनीकुंड बैराज से छोड़ा गया पानी आज शाम तक दिल्ली पहुंचने की संभावना है, लेकिन बहाव सुरक्षित स्थिति में है। रेखा गुप्ता ने कहा कि निचले इलाकों के लोगों के लिए राहत शिविरों में सभी व्यवस्थाएं पूरी कर दी गई हैं और बाढ़ की स्थिति बनी रहने तक नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी। सीएम रेखा गुप्ता ने यह भी कहा कि यमुना का जलस्तर 2023 के 208.66 मीटर के स्तर तक नहीं पहुंचने की संभावना है।
पुराने रेलवे पुल पर यातायात बंद
मुख्यमंत्री ने जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश की सरकारों से संपर्क कर मदद की पेशकश की। संभागीय आयुक्त नीरज सेमवाल ने बताया कि जलस्तर बढ़ने के कारण पुराने रेलवे पुल पर यातायात बंद करने का परामर्श जारी किया गया है। उन्होंने कहा कि शाम पांच बजे तक जलस्तर 206 मीटर को पार करने की उम्मीद है, लेकिन अगर पहले ही यह निशान पार हो जाता है, तो यातायात पहले ही रोक दिया जाएगा। सेमवाल ने स्पष्ट किया कि घबराने की कोई जरूरत नहीं है और सभी तैयारियां पूरी हैं।
(इनपुट - भाषा)
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
