दिल्ली में 25 दिनों बाद 300 के नीचे पहुंचा AQI का आंकड़ा (फाइल फोटो | PTI)
Delhi AQI News: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में रविवार सुबह वायु गुणवत्ता में कुछ सुधार दर्ज किया गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के मुताबिक, राजधानी का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) ‘बहुत खराब’ से सुधरकर ‘खराब’ श्रेणी में आ गया। रविवार सुबह 8 बजे दिल्ली का औसत AQI 268 रिकॉर्ड किया गया, जो शनिवार शाम 4 बजे दर्ज 305 की तुलना में बेहतर है। इसके बावजूद, आईटीओ और कई अन्य इलाकों में जहरीली धुंध की परत छाई रही, जिससे दृश्यता और हवा की स्थिति दोनों प्रभावित रही। यह 25 दिन बाद है, जब दिल्ली का AQI 300 के नीचे रिकॉर्ड हुआ है। 5 नवंबर को आखिरी बार दिल्ली का AQI 202 रिकॉर्ड किया गया था, जो इस महीने का सबसे कम है।
CPCB के आंकड़ों के मुताबिक, शादीपुर में AQI 334 दर्ज किया गया, जो शहर में सबसे खराब रहा। इसके बाद जहांगीरपुरी (324), नेहरू नगर (316), आरके पुरम (305) और दिलशाद गार्डन स्थित IHBAS (302) में भी स्थिति ‘बहुत खराब’ रही। वहीं मंदिर मार्ग ने सबसे बेहतर हवा दर्ज की, जहां AQI 158 यानी ‘मध्यम’ श्रेणी में रहा।
कई क्षेत्रों में AQI ‘खराब’ (201-300) श्रेणी में बना रहा, जिनमें बवाना (297), सीरीफोर्ट (292), रोहिणी (290), विवेक विहार (289), डीटीयू (285), बुराड़ी क्रॉसिंग (285), मुंडका (283), द्वारका सेक्टर 8 (279), चांदनी चौक (282), पटपड़गंज (280), आनंद विहार (281), नरेला (271), अशोक विहार (274), ITO (267), जेएलएन स्टेडियम (267) और पंजाबी बाग (264) शामिल हैं।
प्रदूषण के बढ़ते स्तरों के बीच दिल्ली सरकार ने कहा है कि वह हालात पर लगातार निगरानी रख रही है और रोजाना आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। लेकिन इस मुद्दे पर राजनीतिक घमासान भी बढ़ रहा है। कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित ने सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए प्रदूषण को दिल्ली के लोगों के 'मर्डर' के बराबर बताया। दीक्षित ने कहा कि दिल्ली का वातावरण बेहद प्रदूषित हो चुका है। यह पिछले छह-सात सालों में और बदतर हुआ है। डॉक्टर कह रहे हैं कि ऐसी हवा में रहने से लोगों की जीवन प्रत्याशा कम हो रही है। यह धीरे-धीरे किसी को जहर देने जैसा है और हम सब इसके जिम्मेदार हैं।
नवंबर महीना इस बार पूरी तरह सूखा रहा। पूरे महीने में एक भी दिन बारिश नहीं हुई, जबकि नवंबर 2023 में दो दिन बारिश रिकॉर्ड हुई थी। बारिश न होने से प्रदूषकों के जमाव में बढ़ोतरी हुई है। गौरतलब है कि बीते सप्ताह GRAP-3 पाबंदियां हटा दी गई थीं, लेकिन शहर में GRAP-2 नियम अब भी लागू हैं। अधिकारियों का कहना है कि वे प्रदूषण की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और हालात बिगड़ने पर अतिरिक्त कदम उठाए जा सकते हैं।
दिल्ली और आसपास के NCR क्षेत्रों में खतरनाक प्रदूषण को देखते हुए विपक्ष ने संसद में इस मुद्दे को उठाने की तैयारी कर ली है। विपक्षी नेताओं का कहना है कि अब केवल तात्कालिक उपायों से काम नहीं चलेगा, बल्कि एक बड़ी नीति और जवाबदेही तय करने की जरूरत है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।