दिल्ली के केवल 4 इलाकों में ही AQI 300 के नीचे (फाइल फोटो | PTI)
Delhi AQI: नवंबर का लगभग आधा महीना लोगों ने जहरीली हवा में ही बिताया है और शनिवार को भी हालात कुछ ऐसे ही रहे। दिल्ली-एनसीआर की हवा शनिवार सुबह भी ‘बेहद खराब’ श्रेणी में दर्ज की गई। सुबह 8 बजे CPCB के आंकड़ों के अनुसार दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 335 रहा। शुक्रवार को यह आंकड़ा 369 था, मामूली सुधार के साथ आज AQI में 34 अंकों की गिरावट दर्ज की गई है। इसके बावजूद राजधानी में प्रदूषण का खतरा उसी तरह बना हुआ है।
शनिवार सुबह भी इंडिया गेट और कर्तव्य पथ घने स्मॉग की चादर में लिपटे रहे। यहां AQI 346 दर्ज किया गया। आनंद विहार और धौला कुंआ में भी विजिबिलिटी प्रभावित रही। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के ताजा आंकड़ों के अनुसार दिल्ली के कई इलाकों में वायु गुणवत्ता बेहद खराब स्तर पर बनी हुई है। अलीपुर में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 314 दर्ज किया गया, जबकि आनंद विहार में यह और भी गंभीर स्थिति में पहुंचकर 350 तक दर्ज किया गया। आया नगर में भी प्रदूषण का स्तर 322 रहा। तीनों जगहें ‘बेहद खराब’ श्रेणी में रिकॉर्ड हुईं, जहां प्रदूषण का मुख्य कारण PM 2.5 बना हुआ है।
दिल्ली के इंडस्ट्रियल इलाकों में स्थिति इससे भी खराब रही। बवाना में AQI 360, नरेला में 389 और ओखला फेज-2 में 338 दर्ज किया गया, जो बहुत खराब श्रेणी में आता है। वहीं, इंडिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (IGI) क्षेत्र ने इनसे थोड़ी बेहतर स्थिति दिखाई, जहां AQI 291 रहा और इसे ‘खराब’ श्रेणी में रखा गया।
प्रदूषण के कारण राजधानी में रहने वाले लोगों को लगातार स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। समाचार एजेंसी ANI से बात करते हुए कर्तव्य पथ पर साइकिल चलाने पहुंचे अतुल ने बताया, “आज मास्क नहीं लगाया था, पर जैसे ही निकला, आंखों में जलन शुरू हो गई… बहुत मुश्किल है यहां रहना।" उन्होंने सरकार की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर प्रयास दिखते हैं, जमीन पर नहीं। वहीं एक अन्य स्थानीय निवासी, भाव्या बंसल ने चिंता जताई कि इथियोपिया में ज्वालामुखी विस्फोट से उठी राख से हालात और बिगड़ सकते हैं। हालांकि उन्होंने माना कि सरकार प्रदूषण कम करने के लिए काम कर रही है।
चार दिन पहले हवा में हल्का सुधार देखते हुए कमीशन फॉर एयर क्वालिटी मैनेजमेंट (CAQM) ने GRAP-3 के प्रतिबंध हटा दिए थे और GRAP-2 लागू किया गया था। लेकिन प्रतिबंध हटने का असर हवा में नहीं दिखा और प्रदूषण ‘बेहद खराब’ श्रेणी में ही बना हुआ है। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को कहा था कि “हम रोज स्थिति की निगरानी कर रहे हैं और नियमित रूप से कदम उठा रहे हैं। आज उठाए गए कदमों का असर भविष्य में दिखेगा।”
इथियोपिया के Hayli Gubbi Volcano से उठी राख को लेकर लोगों में आशंका बनी हुई है। लेकिन पर्यावरण विशेषज्ञ विमलेंदु झा का कहना है कि दिल्ली पर उसका तुरंत कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। समाचार एजेंसी ANI से बात करते हुए उन्होंने बताया कि इसका असर हिमालय, तराई क्षेत्र और चीन के कुछ हिस्सों में देखा जा सकता है।
1 दिसंबर से शुरू हो रहे संसद के शीतकालीन सत्र में दिल्ली की वायु गुणवत्ता एक प्रमुख मुद्दा बनने जा रही है। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने सदन में वायु प्रदूषण संकट पर बहस की मांग की है। सोशल मीडिया X पर एक पोस्ट में, राहुल गांधी ने केंद्र पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि वायु प्रदूषण की समस्या के लिए कोई तत्परता, कोई योजना या जवाबदेही नहीं है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।