Delhi Cyber Fraud: दिल्ली से साइबर ठगी और डिजिटल अरेस्ट का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जहां साइबर ठगों ने एक पूर्व बैंकर को ही ठगी का शिकार बना लिया। ठगों ने पूर्व बैंकर नरेश मल्होत्रा को एक महीने तक डिजिटल अरेस्ट में रखा। इस दौरान आरोपियों ने उनसे 23 करोड़ रुपए ठग लिए। ठगों ने खुद को मुंबई पुलिस, ईडी और सीबीआई अधिकारी बनकर पीड़ित को जाल में फंसाया। उन्होंने ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई है। दिल्ली पुलिस की साइबर यूनिट IFSO इस मामले में कार्रवाई कर रही है।
4 अगस्त से 4 सितंबर तक रखा डिजिटल अरेस्ट में
दिल्ली के रहने वाले पूर्व बैंकर नरेश मल्होत्रा को करीब एक महीने पहले को एक महिला का कॉल आया। जिसमें महिला ने खुद को टेलीकॉम कंपनी की अधिकारी बताया और कहा कि उनका नंबर गैरकानूनी गतिविधियों में इस्तेमाल हो रहा है। इसके बाद मुंबई पुलिस, ईडी और सीबीआई अधिकारी बनकर ठग लगातार पीड़ित के संपर्क में रहे। पीड़ित को 4 अगस्त से 4 सितंबर तक डिजिटल अरेस्ट में रखा गया।
12.11 करोड़ रुपये बैंक खातों में फ्रीज
ठगों ने पीड़ित को डराकर उनके कोटक महिंद्रा, एचडीएफसी और कैनरा बैंक खातों से रकम अलग-अलग खातों में ट्रांसफर करवाई। बैंक खातों के पूरी तरह खाली होने के बाद ठगों ने संपर्क बंद कर दिया। पीड़ित ने पहले किसी को नहीं बताया, लेकिन बाद में एनसीआरपी पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज की। इस मामले को IFSO (दिल्ली पुलिस की साइबर यूनिट) को सौंपा गया। पुलिस ने 12.11 करोड़ रुपये को बैंक खातों में फ्रीज कराया है। रकम कई लेवल पर अलग-अलग खातों में भेजी गई और देशभर में अलग अलग जगह से निकाली गई।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
