आने वाले 16 अक्टूबर को दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने दिल्ली के रामलीला मैदान में अब तक का सबसे बड़ा बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया है। इस बूथ सम्मेलन को नाम दिया गया है 'पंच परमेश्वर सम्मेलन' (Panch Parmeshwar Sammelan)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा (JP Nadda) इस पंच परमेश्वर बूथ सम्मेलन को संबोधित करेंगे। इस सम्मेलन में दिल्ली के करीब 13000 से ज्यादा बूथों में से हर एक बूथ से 5 कार्यकर्ताओं को इस सम्मेलन में आमंत्रित किया गया है। दिल्ली प्रदेश बीजेपी (BJP) के अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने जानकारी देते हुए कहा कि इसमें करीब एक लाख से ज्यादा बूथ कार्यकर्ता हिस्सा लेंगे।
क्या है इस सम्मेलन को आयोजित करने के पीछे की वजह!
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक बहुत जल्द दिल्ली नगर निगम के चुनाव होने वाले हैं आशंका जताई जा रही है कि दिसंबर के अंत तक दिल्ली एमसीडी के चुनाव होंगे उसके पहले भारतीय जनता पार्टी ने यह पंच परमेश्वर सम्मेलन का आयोजन कर एक तीर से कई शिकार करने की कोशिश की है। एक तो पार्टी ये सम्मेलन करके सबसे निचले स्तर तक कार्यकर्ताओं को यह संदेश पहुंचाना चाहती है कि अब एमसीडी चुनाव के लिए कमर कस लेनी है। दूसरा एक प्रकार से यह शक्ति प्रदर्शन भी होगा भारतीय जनता पार्टी का। और तीसरा हाल ही में दिल्ली की अरविंद केजरीवाल सरकार ने जिस तरीके से अनियमितताएं की। चाहे शराब घोटाला हो या उसके पहले हवाला कांड हो। इसके अलावा बिजली घोटाले की भी बात सामने निकल कर आ रही है। ऐसे में चारों तरफ से भारतीय जनता पार्टी आम आदमी पार्टी की सरकार को घेरना चाहती है हर मुद्दे और इसलिए यह सम्मेलन उस दृष्टि से भी बहुत महत्वपूर्ण हो जाता है।
केंद्र सरकार ने कानून बदल कर तीनों एमसीडी को किया था एक
केंद्रीय गृह मंत्रालय के नोटिफिकेशन के बाद दिल्ली में तीनों एमसीडी को एक कर दिया गया था और उसके बाद यह अटकलें लगाई जा रही थीं कि बहुत जल्द एमसीडी के चुनाव (MCD Elections) होंगे, इसी बीच ये खबर भी आ गई कि एमसीडी का पुनः परिसीमन किया जाएगा। वार्ड बढ़ाए जाएंगे, जनसंख्या के हिसाब से नए वार्ड बनाए जाएंगे और फिर उसके बाद में एमसीडी का चुनाव होगा परिसीमन के लिए गृह मंत्रालय की तरफ से 3 सदस्यीय कमेटी बनाई गई थी उसने अपना काम खत्म करके रिपोर्ट सौंप दी है। और उम्मीद जताई जा रही है कि दिसंबर तक दिल्ली नगर निगम के चुनाव होंगे।
परिसीमन को लेकर आम आदमी पार्टी के नेता भी कई बार सड़कों पर उतर चुके हैं आम आदमी पार्टी का मानना है कि जो परिसीमन हुआ है वह सही तरीके से नहीं हुआ है। इसके अलावा एमसीडी में अब पूर्ण रूप से एक बार फिर से अपनी सरकार बनाने के लिए बेताब है भारतीय जनता पार्टी और इसलिए भारतीय जनता पार्टी ने यह पंच परमेश्वर सम्मेलन का आयोजन किया है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
