दिल्ली

'आप' के बाद दिल्ली MCD उपचुनाव 2025 के लिए BJP ने जारी की उम्मीदवारों की लिस्ट

दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के आगामी उपचुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 12 वार्डों के लिए अपने उम्मीदवारों की सूची जारी की है, वहीं आम आदमी पार्टी (AAP) ने भी अपने प्रत्याशियों के नामों का ऐलान कर दिया है। उपचुनाव 30 नवंबर को आयोजित किए जाएंगे, जिसमें दोनों पार्टियों की जीत के दावों के बीच मुकाबला दिलचस्प रहने वाला है।

Image

बीजेपी ने दिल्ली MCD उपचुनाव 2025 के लिए 12 उम्मीदवारों की घोषणा की (फोटो: ANI)

Photo : ANI

BJP Candidates List Delhi MCD: दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के आगामी उपचुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने रविवार, 9 नवंबर को अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी। पार्टी ने 12 उम्मीदवारों की सूची जारी की और जीत की उम्मीद जताई। इससे पहले आम आदमी पार्टी (AAP) ने भी इसी उपचुनाव के लिए अपने 12 उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया था। दिल्ली बीजेपी के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने देर शाम यह सूची साझा करते हुए बताया कि उम्मीदवारों का चयन सावधानीपूर्वक और गहन विचार-विमर्श के बाद किया गया है। उन्होंने कहा कि उम्मीदवारों का चयन उनकी योग्यता और जीत की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए किया गया है। उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि केंद्र, राज्य और एमसीडी में पार्टी के किए गए काम के आधार पर भाजपा इस उपचुनाव में मजबूत बहुमत के साथ विजयी होगी।

भाजपा की तरफ से जारी उम्मीदवारों की सूची के अनुसार, वार्ड नंबर 35-मुंडका से जयपाल सिंह दराल (चीनी प्रधान), शालीमार बाग बी से अनीता जैन, अशोक विहार से वीना असीजा, चांदनी चौक से सुमन कुमार गुप्ता, चांदनी महल से सुनील शर्मा और द्वारका बी से मनीषा राजपाल सहरावत को उम्मीदवार बनाया गया है। साथ ही, दिचाउं कलां से रेखा रानी, नारायणा से डॉ. चंद्रकांत शिवानी, दक्षिणपुरी से रोहिणी राज, संगम विहार ए से शुभ्रजीत गौतम, ग्रेटर कैलाश से अंजुम मंडल और विनोद नगर से सरला चौधरी को पार्टी ने अपने उम्मीदवार घोषित किया है।

शालीमार बाग-बी वार्ड पहले दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता द्वारा पार्षद के रूप में प्रतिनिधित्व किया गया था, लेकिन वह मुख्यमंत्री बनने के बाद यह सीट खाली हो गई। इसी तरह, द्वारका-बी वार्ड की भाजपा पार्षद कमलजीत सहरावत को पश्चिमी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र से सांसद चुने जाने के बाद यह सीट भी रिक्त हो गई। दिल्ली नगर निगम के 12 वार्डों में उपचुनाव 30 नवंबर को होने हैं। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 10 नवंबर है, जबकि दस्तावेजों की जांच 12 नवंबर को होगी। नामांकन वापस लेने की आखिरी तारीख 15 नवंबर रखी गई है। पहले इन 12 वार्डों में 9 वार्ड बीजेपी के नियंत्रण में थे और बाकी 3 वार्ड आम आदमी पार्टी के पार्षदों के पास थे।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article