दिल्ली

बदले की आग में रची डिजिटल साजिश, पूर्व महिला कर्मचारी का बनाया फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट; पुलिस ने लिया एक्शन

दिल्ली साइबर पुलिस ने महिलाओं की ऑनलाइन सुरक्षा को लेकर एक अहम कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह मामला एक महिला की तस्वीर का दुरुपयोग कर फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बनाने और अश्लील सामग्री पोस्ट करने से जुड़ा है। तकनीकी जांच और छापेमारी के बाद आरोपी को मानेसर से पकड़ा गया।

Image

पूर्व महिला कर्मचारी को बदनाम करने के लिए आरोपी ने बनाई फेक इंस्टाग्राम प्रोफाइल (सिंबॉलिक फोटो: Canva)

Delhi News: दिल्ली के दक्षिण-पश्चिम जिले की साइबर पुलिस टीम ने ऑनलाइन उत्पीड़न और मानहानि से जुड़े एक गंभीर मामले में बिहार के मधुबनी के रहने वाले 37 वर्षीय मोहम्मद साहिद को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने अपनी पूर्व महिला कर्मचारी की पुरानी तस्वीर का गलत इस्तेमाल करते हुए एक फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बनाया था। इस प्रोफाइल पर उसने अश्लील और अपमानजनक सामग्री साझा की, जिससे पीड़िता की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई।

मामला 23 सितंबर 2025 को सामने आया, जब पीड़िता ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि कोई अज्ञात व्यक्ति उसकी तस्वीर का उपयोग कर नकली प्रोफाइल चला रहा है, जो उसके दोस्तों और फॉलोअर्स को फॉलो रिक्वेस्ट भेजते हुए अभद्र पोस्ट डाल रहा है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से 27 अक्टूबर को आरोपी को हरियाणा के आईएमटी मानेसर क्षेत्र से गिरफ्तार किया। जांच के दौरान पुलिस ने अपराध में इस्तेमाल किया गया स्मार्टफोन भी बरामद कर लिया।

मानेसर से हो रहा था अकाउंट का संचालन

शिकायत के आधार पर पुलिस ने बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। जांच के दौरान इंस्टाग्राम/मेटा से प्राप्त तकनीकी डेटा और डिजिटल फुटप्रिंट के विश्लेषण से यह स्पष्ट हुआ कि फर्जी अकाउंट का संचालन हरियाणा के मानेसर क्षेत्र से किया जा रहा था। एसीपी (ऑपरेशंस) विजय पाल सिंह तोमर के निर्देशन में इंस्पेक्टर प्रवेश कौशिक (एसएचओ, साइबर थाना) की देखरेख में एसआई प्रियंका, हेड कॉन्स्टेबल रीना कुमारी और हेड कॉन्स्टेबल जयप्रकाश की टीम ने लगातार मानेसर में छापेमारी अभियान चलाया। तकनीकी निगरानी और स्थानीय सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने 27 अक्टूबर को आरोपी को सफलतापूर्वक गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी मोहम्मद साहिद ने स्वीकार किया कि पीड़िता पहले उसके छोटे फैक्ट्री यूनिट में कार्यरत थी। जब उसने अपने बकाया वेतन की मांग की, तो दोनों के बीच विवाद हो गया।

इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की फोरेंसिक जांच शुरू

बताया जा रहा है कि, इसी रंजिश के चलते साहिद ने बदला लेने की नीयत से फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बनाकर यह आपत्तिजनक कृत्य किया। पुलिस द्वारा जब्त किए गए फोन की जांच में पाया गया कि वह फर्जी प्रोफाइल सक्रिय थी और उस पर अभद्र सामग्री पोस्ट की गई थी। आरोपी इंटरमीडिएट पास है और मानेसर में एक निजी कंपनी में नौकरी करता है। पुलिस ने उसके अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की फोरेंसिक जांच शुरू कर दी है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह इसी तरह के अन्य मामलों में भी संलिप्त तो नहीं रहा। डीसीपी (दक्षिण-पश्चिम) अमित गोयल ने बताया कि यह गिरफ्तारी पुलिस की महिलाओं की ऑनलाइन सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता और साइबर उत्पीड़न के खिलाफ शून्य सहनशीलता नीति को दर्शाती है।

(इनपुट - आईएएनएस)

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article