दिल्ली

Delhi Blast:अल फलाह यूनिवर्सिटी का एक और डॉक्टर NIA की जांच घेरे में, दिल्ली विस्फोट के बाद डॉ. निसार लापता

Delhi Blast Update: फरीदाबाद के अल फलाह यूनिवर्सिटी के एक और डॉक्टर एनआईए की जांच के घेरे में, दिल्ली लाल किला के बाद डॉ. निसार लापता बताया जा रहा है।

Image

अल फलाह यूनिवर्सिटी का एक और डॉक्टर NIA की जांच घेरे में (फोटो: canva)

Delhi Blast Update: फरीदाबाद के अल फलाह विश्वविद्यालय (Al Falah University) में कार्यरत एक और डॉक्टर NIA की जांच के घेरे में आ गए हैं। डॉ. निसार-उल-हसन दिल्ली लाल किला विस्फोट के बाद लापता हो गए थे। फरीदाबाद की अल फलाह यूनिवर्सिटी पर शिकंजा कसता दिख रहा है क्योंकि यूनिवर्सिटी में कार्यरत और भी डॉक्टर जाँच एजेंसियों की जांच के घेरे में आ गए हैं। डॉ. निसार-उल-हसन दिल्ली लाल किला कार विस्फोट के बाद लापता हो गए थे, और अल फलाह मेडिकल कॉलेज में वरिष्ठ रेजिडेंट डॉक्टर के रूप में कार्यरत थे और वहीं पढ़ाई भी कर रहे थे।

रिपोर्टों के अनुसार, डॉ. निसार को संदिग्ध आतंकवादी संबंधों के कारण कश्मीर के एसएमएचएस अस्पताल (SMHS Hospital Kashmir) से बर्खास्त कर दिया गया था। उनके खिलाफ 2023 में एक मामला भी दर्ज किया गया था।

गिरफ्तार होने वाला पहला व्यक्ति डॉ. मुज़म्मिल था

डॉ. निसार दिल्ली विस्फोट की जाँच में फरीदाबाद विश्वविद्यालय से जुड़े तीसरे व्यक्ति हैं। गिरफ्तार होने वाला पहला व्यक्ति डॉ. मुज़म्मिल था, जिसका साथी डॉ. उमर ही आतंकी मास्टरमाइंड बताया जा रहा है। कथित तौर पर, पुलिस टीमों द्वारा फरीदाबाद में डॉ. मुज़म्मिल के किराए के मकान पर छापेमारी के बाद डॉ. उमर फरार हो गया।

'डॉ. उमर महीनों तक विश्वविद्यालय से गायब रहा'

जांचकर्ताओं का मानना है कि डॉ. उमर ही वह व्यक्ति था जिसने बाद में विस्फोटकों से लदी हुंडई i20 कार चलाई थी, जो लाल किला मेट्रो स्टेशन के बाहर फट गई थी, जिसमें 13 लोग मारे गए थे और 20 से ज़्यादा घायल हुए थे। सूत्रों का यह भी कहना है कि डॉ. उमर महीनों तक विश्वविद्यालय से गायब रहा, फिर भी विश्वविद्यालय ने उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की, जबकि अन्य डॉक्टरों को छोटी-छोटी छुट्टियों के लिए भी परेशानी का सामना करना पड़ा।

दिल्ली ब्लास्ट केस में एक नया अपडेट

दिल्ली ब्लास्ट केस में एक नया अपडेट सामने आया है। सोमवार शाम लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास लाल बत्ती पर हुए ब्लास्ट में i20 कार इस्तेमाल हुई थी, यह तो सभी जानते हैं, लेकिन दिल्ली पुलिस से मिली ताजा जानकारी के मुताबिक, संदिग्धों के पास i20 कार के अलावा एक और कार थी जिसको खंगाला जा रहा है। इसके लिए बकायदा 5 टीमें बनाई गई हैं, जो तलाश में जुटी है।

संदिग्धों के पास i20 कार के अलावा एक फोर्ड की इकोस्पोर्ट गाड़ी थी

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, जांच में सामने आया है कि संदिग्धों के पास i20 कार के अलावा एक फोर्ड की इकोस्पोर्ट गाड़ी थी, जो लाल रंग की बताई जा रही है। दिल्ली पुलिस की 5 टीमें इकोस्पोर्ट की तलाश में जुटी हुई हैं। दिल्ली के सभी पुलिस स्टेशन, पुलिस पोस्ट और बॉर्डर चेकिंग पर लाल रंग की इकोस्पोर्ट की तलाश के लिए अलर्ट किया गया है। साथ ही उत्तर प्रदेश, हरियाणा पुलिस को भी लाल कार को लेकर अलर्ट भेजा गया है।

दिल्ली पुलिस ने दिल्ली के सभी कार डीलर और वर्क शॉप से संपर्क किया है

सूत्रों से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, i20 कार का फर्स्ट ओनर देवेंद्र है, जबकि उमर इसका सेकंड ओनर है। दिल्ली पुलिस ने दिल्ली के सभी कार डीलर और वर्क शॉप से संपर्क किया है। दिल्ली पुलिस को इस बात की भी आशंका है कि कही इकोस्पोर्ट कार का रंग वर्कशाप के जरिए बदल न जाए। कार डीलर से पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है क्या यह गाड़ी कभी उनके पास खरीदने या बेचने के लिए आई है? अगर आई है तो कौन और कब इसको लेकर आया था? यह अलर्ट बड़े स्तर पर भेजा गया है। दिल्ली पुलिस के 15 जिलों के सभी थाना स्तर पर इस गाड़ी का नंबर और हुलिया भेजा गया है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Priyank Tripathi
Priyank Tripathiauthor

Priyank Tripathi is a Special Correspondent with over 16 years of experience in Journalism. The author covers agencies and furthermore reports from the conflict zones.

और पढ़ें
End of Article