देश

Red Fort blast: फरीदाबाद का कार डीलर हिरासत में, धमाके में इस्तेमाल कार की बिक्री की कड़ी जोड़ने की कोशिश

सूत्रों ने बताया कि डीलर से पूछताछ की जा रही है। पुलिस वाहन के स्वामित्व की पूरी कड़ी का पता लगाने और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह संदिग्ध के हाथों में कैसे पहुंचा।

Image

दिल्ली ब्लास्ट में जांच का सिलसिला तेज (PTI)

Red Fort blast: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने लाल किला विस्फोट मामले में फरीदाबाद के एक कार डीलर को हिरासत में लिया है। एक पुलिस सूत्र ने बुधवार को यह जानकारी दी। सूत्र के अनुसार, रॉयल कार प्लाजा के मालिक अमित को विस्फोट के तुरंत बाद फरीदाबाद पुलिस की सहायता से सेक्टर 37 स्थित उनके कार्यालय से हिरासत में लिया गया। सूत्र ने बताया कि अमित ने सोमवार को हुए विस्फोट में इस्तेमाल की गई हुंडई i20 कार की बिक्री में मदद की थी। इस धमाके में राष्ट्रीय राजधानी में 12 लोग मारे गए हैं और कई अन्य घायल हुए हैं।

कार बिक्री की पूरी कड़ी का पता लगाने की कोशिश

सूत्रों ने बताया, अमित से पूछताछ की जा रही है। पुलिस वाहन के स्वामित्व की पूरी कड़ी का पता लगाने और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह संदिग्ध के हाथों में कैसे पहुंचा। हम इस बात की पुष्टि कर रहे हैं कि कार अमित के शोरूम में कौन लाया और डॉ. उमर नबी किसके माध्यम से उसके संपर्क में आए।

स्पेशल सेल बिक्री में शामिल संभावित बिचौलियों की पहचान करने के लिए डीलरशिप के रिकॉर्ड, लेन-देन के विवरण और सीसीटीवी फुटेज की भी जांच कर रही है। बताया जाता है कि हरियाणा के फरीदाबाद स्थित अल-फलाह विश्वविद्यालय में सहायक प्रोफेसर डॉ. उमर नबी उस कार को चला रहा था जिसमें विस्फोट हुआ था। फिलहाल मामले की जांच एनआईए को सौंपी गई है।

जमात-ए-इस्लामी के खिलाफ कार्रवाई

वहीं, आज पुलिस ने प्रतिबंधित जमात-ए-इस्लामी के खिलाफ कार्रवाई के तहत बुधवार को कश्मीर घाटी में कई स्थानों पर छापे मारे। अधिकारियों ने बताया कि शोपियां, कुलगाम, बारामूला और गांदरबल जिलों में कई स्थानों पर छापे मारे गए। उन्होंने बताया कि जेईआई सदस्यों और उनके साथियों के आवासों और परिसरों पर छापे मारे गए तथा तलाशी ली गई। अधिकारियों ने कहा कि यह कार्रवाई जमीनी स्तर पर आतंकवादी ढांचे को ध्वस्त करने के निरंतर प्रयासों का एक हिस्सा है।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article