राष्ट्रपति भवन परिसर में मुगल गार्डन का नाम अमृत उद्यान किए जाने के मसले पर उत्तर प्रदेश की संभल सीट से समाजवादी पार्टी (सपा) सांसद शफीक उर रहमान बर्क ने कहा है कि नाम में फेरबदल करने का आखिरकार फायदा क्या है?...नाम बदल देने से किसी का जहन नहीं बदलता है। वह उसे अभी भी मुगल गार्डन ही मानते हैं।
सोमवार (30 जनवरी, 2023) को बर्क ने संभल में पत्रकारों से कहा "नाम बदलने से जहन थोड़े ही बदल जाएगा। दिल तो सभी का एक ही है। मुगल गार्डन का नाम अमृत उद्यान रखने से क्या फायदा होगा। मुगल गार्डन तो अपनी जगह ही रहेगा। मैं अब भी उसको मुगल गार्डन मानता हूं।"
वह आगे बोले, ‘‘भारत देश पर मुगलों और तुर्कों की हुकूमत रही है। उन्होंने देश में किले बनवाए हैं। सड़के बनवाई हैं। ताजमहल बनवाया है। महल बनवाए हैं। ऐसे में इनके नाम बदलने से ज़हन तो नहीं बदल सकता।’’
दरअसल, राष्ट्रपति भवन का प्रसिद्ध मुगल गार्डन अब ‘अमृत उद्यान’ के नाम से जाना जाएगा। यह उद्यान साल में एक बार जनता के लिए खुलता है। लोग इस साल 31 जनवरी से इस उद्यान की यात्रा का लुत्फ उठा सकेंगे।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
