दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच और ड्रग कंट्रोल विभाग ने हाल ही में नकली कैंसर दवाओं के खिलाफ व्यापक अभियान चलाए हैं। इस महीने की शुरुआत में छह लोगों की गिरफ्तारी हुई, और विभाग ने दिल्ली के अलग-अलग इलाकों से 160 दवाओं के नमूने जांच के लिए उठाए हैं।
इस दौरान, दवा खरीद-बिक्री में अनियमितताएं पाए जाने पर 12 थोक विक्रेताओं को नोटिस जारी किया गया, और उन्हें 15 दिनों के भीतर जवाब देने के लिए कहा गया है। जांच को प्रभावी बनाने के लिए विभाग ने 10 ड्रग इंस्पेक्टरों की टीम गठित की, जिन्होंने एम्स, सफदरजंग और राजीव गांधी कैंसर अस्पताल के आसपास स्थित दुकानों से नमूने एकत्र किए। कैंसर की महंगी दवाएं अक्सर नकली पाई जाती हैं, इसलिए 80% सैंपल कैंसर उपचार से जुड़े हैं।
जानकारी के मुताबिक, कुछ सैंपल विभाग की लैब में जांचे जाएंगे, जबकि बाकी बाहरी लैब में भेजे जाएंगे, जिसकी रिपोर्ट एक से दो महीने में आने की उम्मीद है। हालांकि, केवल 13 ड्रग इंस्पेक्टरों के उपलब्ध होने के कारण निगरानी प्रक्रिया प्रभावित हो रही है। 2022-23 में जांचे गए 791 नमूनों में से 21 की गुणवत्ता खराब और 16 नकली पाए गए थे।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
