Noida AC Skywalk: दिल्ली मेट्रो की ब्लू लाइन से नोएडा मेट्रो की एक्वा लाइन पर जाने के लिए अब लोगों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। लोगों की इस परेशानी को खत्म करने के लिए एसी स्काईवॉक बनकर तैयार हो गया है। इस एसी स्काईवॉक को जनता के लिए 2 अक्टूबर को यानी गांधी जयंती के दिन खोला जाएगा। इस स्काईवॉक के शुरू होने के बाद यात्रियों को एक लाइन से दूसरी लाइन पर जाने के लिए स्टेशन के बाहर निकलने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। पहले यात्रियों को ब्लू लाइन सेक्टर 52 मेट्रो स्टेशन से बाहर निकलर एक्वा लाइन सेक्टर 51 मेट्रो स्टेशन तक पैदल या ई-रिक्शा लेकर जाना पड़ता था, जिससे न केवल उनका समय बर्बाद होता था, बल्कि उन्हें कई दिक्कतों का सामना भी करना पड़ता था। अब उनकी यह समस्या भी खत्म होने वाली है। आइए आपको इस स्काईवॉक के बारे में बताएं-
स्काईवॉक की खासियत क्या है?
सेक्टर 52 मेट्रो स्टेशन (ब्लू लाइन) और सेक्टर 51 मेट्रो स्टेशन (एक्वा लाइन) को जोड़ने वाले इस स्काईवॉक की चौड़ाई 5 मीटर और लंबाई 420 मीटर है। पूरा का पूरा स्काईवॉक एसी कूलिंग के साथ है। यात्रियों के लिए इसमें ट्रैवेलटर (एक तरह का मूविंग वॉकवे) की और लिफ्ट की भी सुविधा उपलब्ध है। बता दें कि स्काईवॉक पर बने ट्रैवेलटर की गति 0.5 मीटर प्रति सेकंड है।
स्काईवॉक बनाने में कितना आया खर्च?
जानकारी के अनुसार, इन दोनों लाइनों को जोड़ने वाले एसी स्काईवॉक का निर्माण लगभग 40 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है। बता दें कि ब्लू और एक्वा लाइन को जोड़ने वाले स्काईवॉक का काम मार्च 2023 में शुरू किया गया था।
क्या स्काईवॉक बनने के बाद भी लेनी पड़ेगी बार-बार टिकट?
नहीं, दिल्ली मेट्रो की ब्लू लाइन और नोएडा मेट्रो की एक्वा लाइन को जोड़ने वाले इस स्काईवॉक के शुरू होने के बाद यात्रियों को बार-बार टिकट लेने की झंझट से निजात मिल जाएगी। वह एक ही टिकट से अपनी यात्रा पूर कर पाएंगे। न उन्हें एक स्टेशन से बाहर निकलने दूसरे स्टेशन पर जाने की आवश्यकता होगी और न ही उन्हें बार-बार टिकट लेने की जरूरत पड़ेगी।
30 सितंबर तक पूरा होगा काम
नोएडा मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर ने बताया कि स्काईवॉक परियोजना का काम लगभग पूरा हो गया है। शेष कार्य 30 सितंबर तक पूरा हो जाएगा और 2 अक्टूबर से इसे आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
