दिल्ली

CM रेखा गुप्ता का कामकाज उनके पति संभाल रहे हैं, क्या मुख्यमंत्री सक्षम नहीं हैं : सौरभ भारद्वाज

आम आदमी पार्टी ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर गंभीर आरोप लगाए हैं कि उनके पति सरकारी बैठकों में अधिकारियों को निर्देश दे रहे हैं। सौरभ भारद्वाज ने इसे लोकतंत्र के लिए बेहद चिंताजनक करार दिया। इसके साथ ही उन्होंने भाजपा की स्वच्छ राजनीति पर भी सवाल उठाया। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी से इस मामले पर स्पष्ट जवाब मांगा है।

Image

AAP नेता सौरभ भारद्वाज ने मुख्यमंत्री के कामकाज पर उठाए सवाल (फोटो - @AamAadmiParty/X)

आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राज्य की भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के पति सरकारी बैठकों में मौजूद रहते हैं और अधिकारियों को निर्देश भी देते हैं।

सौरभ भारद्वाज ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में यह बेहद गंभीर और विचारणीय विषय है। उन्होंने OTT सीरीज पंचायत में दिखाए गए फुलेरा पंचायत का उदाहरण देते हुए कहा कि ग्राम पंचायत या नगर निगम स्तर पर अक्सर ऐसा देखने को मिलता है कि महिला प्रतिनिधि चुनी जाती हैं और उनके पति वास्तविक कामकाज संभालते हैं। लेकिन दिल्ली जैसे बड़े राज्य की सरकार में मुख्यमंत्री के पति का बैठकों में हिस्सा लेना और निर्णय करना लोकतंत्र के लिए चिंताजनक है।

सौरभ भारद्वाज ने इस दौरान मीडिया को कई वीडियो भी दिखाए, जिनमें मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के पति अधिकारियों की बैठकों में निर्देश देते हुए और निरीक्षण करते हुए नजर आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह महज संयोग नहीं, बल्कि एक सोची-समझी रणनीति है, जिसके तहत मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी उनके पति निभा रहे हैं।

AAP नेता ने भाजपा के राष्ट्रीय सोशल मीडिया प्रमुख अमित मालवीय के एक सोशल मीडिया पोस्ट का भी जिक्र किया। मालवीय ने इसे सामान्य करार देते हुए कहा था कि यह विधानसभा स्तर की बैठक थी और इसमें कोई गलत बात नहीं है। इसके जवाब में सौरभ भारद्वाज ने सवाल उठाया कि विधानसभा की बैठकों की जिम्मेदारी मुख्यमंत्री की है, फिर उनके पति किस अधिकार से यह काम कर रहे हैं।

सौरभ भारद्वाज ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सवाल किया कि दिल्ली की जनता को यह जानने का अधिकार है कि मुख्यमंत्री के कामकाज में पति की यह दखलअंदाजी क्या भाजपा की 'स्वच्छ राजनीति' की परिभाषा में शामिल है। उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता साफ जवाब चाहती है कि क्या मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता खुद अपने कार्यों को संभालने में सक्षम नहीं हैं।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Times Now Navbharat Digital
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article