दिल्ली में मंगलवार को हुई 10 मिनट की बारिश के बाद पॉश एरिया कनॉट प्लेस में पानी भरने और यातायात व्यवस्था के ठप होने पर आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने रेखा गुप्ता सरकार पर कई सवार खड़े किए। केजरीवाल ने कहा कि यही दिल्ली के पॉश इलाके का ये हाल है जो कॉलोनियों और झुग्गियों का क्या हाल होगा।
मंगलवार यानी आज राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में जोरदार बारिश दर्ज की गई। लेकिन महज 10 मिनट की बारिश ने प्रशासनिक तैयारियों की पोल खोल दी। राजधानी का दिल माने जाने वाला सबसे वीआईपी और महंगा इलाका कनॉट प्लेस जलमग्न हो गया। कनॉट प्लेस की सड़कें तालाब बन गईं, जिसके कारण यहां ट्रैफिक व्यवस्था ठप नजर आई। सड़कों पर जलभराव होने के कारण आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। इस पर AAP के राष्ट्रीय संयोजक ने बीजेपी सरकार पर निशाना साधा।
अरविंद केजरीवाल ने बीजेपी पर किए तीखे वार
इसपर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर कहा- "जब दिल्ली के दिल कनॉट प्लेस का ये हाल है, तो बाकी दिल्ली की हालत का अंदाजा लगाना मुश्किल नहीं है। सिर्फ 10 मिनट की बारिश में सड़कें तालाब बन गई हैं। 5 महीने में बीजेपी ने दिल्ली को कहां लाकर खड़ा कर दिया है? क्या यही है ‘4 इंजन’ की सरकार की रफ्तार?"
केजरीवाल का बयान सीधे तौर पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, बीजेपी शासित नगर निगम और उपराज्यपाल पर हमला था। उन्होंने कहा कि जब पूरा सिस्टम एक ही पार्टी के हाथ में है, तो फिर जिम्मेदारी तय करने में देरी क्यों? राजधानी के सबसे हाई-प्रोफाइल इलाके में पानी भरा है, तो आम कॉलोनियों, गांवों और झुग्गियों की हालत कितनी दयनीय होगी, इसकी कल्पना ही भयावह है।
आप ने रेखा सरकार को फोटोशूट की सरकार कहा
आम आदमी पार्टी ने रेखा गुप्ता सरकार को सिर्फ इवेंट मैनेजमेंट और फोटोशूट की सरकार करार देते हुए कहा कि 5 महीने में एक भी ठोस काम जमीन पर दिखाई नहीं देता। जनता उम्मीद कर रही थी कि नया चेहरा बदलाव लाएगा, लेकिन नतीजा ये निकला कि दिल्ली को पुराने हालातों पर छोड़ दिया गया है, जहां नाले साफ नहीं हुए, जहां जल निकासी की कोई तैयारी नहीं की गई, और जहां जनता बेहाल है लेकिन बीजेपी सरकार मौन है।
अब सोशल मीडिया पर भी लोगों का मानना है कि अरविंद केजरीवाल का यह ट्वीट न केवल एक तंज है, बल्कि जनता को यह याद दिलाने की कोशिश भी है कि जब आम आदमी पार्टी सत्ता में थी, तो दिल्ली में मानसून से पहले व्यापक नाला सफाई और जलभराव रोधी व्यवस्थाएं की जाती थी, जिसका असर जमीनी स्तर पर दिखता था। दिल्ली की जनता भी यही जानना चाहती है क्या यही है , बीजेपी का "चार इंजन" मॉडल, जहां चारों इंजन एक ही दिशा में नहीं, बल्कि अलग-अलग बहानों में उलझे हुए हैं? और जनता को गुमराह कर रहे है? बारिश अभी शुरू हुई है। असली परीक्षा बाकी है। लेकिन शुरुआती नतीजे बीजेपी सरकार के लिए गंभीर चेतावनी बन चुके हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
