दिल्ली

Aaj Ka Mausam: दिल्ली में गर्मी से छूटने लगे पसीने, इस दिन से फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, नए पश्चिमी विक्षोभ का दिखेगा असर

आज का मौसम दिल्ली, 24 March 2025 Delhi mein Aaj ka Mausam kaisa Rahega: दिल्ली-एनसीआर में आज मौसम साफ रहने के आसार हैं। आईएमडी के अनुसार आज रात से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है। जिसका प्रभाव दिल्ली में भी देखने को मिल सकता है।

Image

दिल्ली में मौसम का हाल

Delhi NCR Aaj Aur kal ka Mausam kaisa Rahega: दिल्ली-एनसीआर में सूरज के तेवर तीखे होते जा रहे हैं। इसी के साथ गर्मी का सितम भी बढ़ रहा है। फिलहाल राजधानी में बारिश की कोई संभावना जताई नहीं जा रही है। जिस कारण तापमान में भी इजाफा देखने को मिल सकता है। हालांकि आने वाले दिनों में दिल्ली में एक बार फिर मौसम बदलने वाला है। आईएमडी के अनुसार एक नया पश्चिमी विक्षोभ 24 मार्च की रात से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में सक्रिय होने की संभावना है। जिसके प्रभाव से पहाड़ी राज्यों में बारिश होने के आसार हैं। इस पश्चिमी विक्षोभ का असर दिल्ली-एनसीआर के इलाकों में भी देखने को मिल सकता है।

दिल्ली में बढ़ेगा गर्मी का सितम

मौसम विभाग के अनुसार नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से दिल्ली-एनसीआर में बादल छाए रह सकते हैं। साथ ही तेज हवाएं भी चलने का अनुमान है। दिल्ली में आज मौसम साफ रहने वाला है। इस दौरान अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री तक रह सकता है। 26 मार्च तक दिल्ली में मौसम साफ रहने की संभावना जताई गई है। इस दौरान दिन में तेज धूप निकलने के आसार हैं। जिससे तापमान बढ़ने के साथ ही गर्मी में भी इजाफा होगा। इस अवधि में दिल्ली का अधिकतम तापमान 36 से 37 डिग्री तक रह सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान 17 डिग्री तक रहने के आसार हैं।

दिल्ली में इस दिन चलेंगी तेज हवाएं

आईएमडी के अनुसार 27 से 29 मार्च के दौरान दिल्ली में बादलों की आवाजाही देखने को मिल सकती है। साथ ही दिन में 20 से 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चलने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान में कमी और न्यूनतम तापमान में इजाफा देखने को मिल सकता है। दिल्ली में 27 से 28 मार्च के दौरान अधिकमत तापमान 35 से 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 से 19 डिग्री के बीच रहने के आसार हैं।

पहाड़ी राज्यों में बारिश का अलर्ट

पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में आज रात से एक्टिव हो रहे नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पहाड़ी इलाकों में बारिश का पूर्वानुमान है। जिसके कारण जम्मू-कश्मीर में 24 से 28 मार्च के दौरान गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं 26 मार्च को कहीं-कहीं भारी बारिश भी होने के आसार हैं। हिमाचल प्रदेश में 24 से 27 मार्च की अवधि में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं 26 और 27 मार्च को उत्तराखंड में भी बारिश का अनुमान जताया गया है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article