शहर

Delhi Accident: सुखदेव विहार मेट्रो स्टेशन के पास दर्दनाक हादसा, तेज रफ्तार कार ने ऑटो-रिक्शा को उड़ाया, 1 की मौत, 1 गंभीर

Delhi News: साउथ ईस्ट दिल्ली के सुखदेव विहार मेट्रो स्टेशन के पास शनिवार सुबह दर्दनाक हादसा। कार रेसिंग के दौरान अनियंत्रित कार ने ऑटो-रिक्शा को टक्कर मारी, जिसमें 1 की मौत हो गई।

Image

तेज रफ्तार कार ने ऑटो-रिक्शा को मारी टक्कर

Photo : ANI

Delhi Accident News: राजधानी दिल्ली के साउथ ईस्ट जिले में शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। सुखदेव विहार मेट्रो स्टेशन के पास एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने रेड लाइट पर खड़े ऑटो-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में ऑटो सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ई-रिक्शा चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।

सुबह 6:30 बजे हुआ हादसा, दो कारों के बीच रेस की चर्चा

चश्मदीदों के मुताबिक, घटना शनिवार सुबह करीब 6:30 बजे की है। बताया जा रहा है कि सड़क पर दो कारों के बीच आपसी रेस चल रही थी। इसी दौरान एक तेज रफ्तार कार का संतुलन बिगड़ गया और उसने सुखदेव विहार मेट्रो स्टेशन के पास रेड लाइट पर मौजूद ऑटो और ई-रिक्शा को सीधे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो और ई-रिक्शा दोनों के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायल ई-रिक्शा चालक को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

कार छोड़कर दूसरी गाड़ी से फरार हुए आरोपी

हादसे को अंजाम देने के बाद आरोपी कार चालक अपनी गाड़ी को मौके पर ही छोड़कर अपने साथियों के साथ दूसरी कार में बैठकर फरार हो गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर यातायात सुचारू कराया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर उसके मालिक और चालक की पहचान शुरू कर दी है। इसके अलावा, हादसे की सटीक जानकारी जुटाने और फरार आरोपियों का सुराग लगाने के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस का दावा है कि आरोपी चालक को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article