Delhi News: दिल्ली के मंगोलपुरी इलाके से बुधवार शाम चाकूबाजी की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। जिसमें बदमाशों ने एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी। जानकारी के अनुसार आरोपियों ने चाकू से उसपर ताबड़तोड वार किया और उसे लुहूलुहान हालत में छोड़कर फरार हो गए। गंभीर हालत में उसे अस्पताल लाया गया। जहां डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान 25 वर्षीय आकाश पुत्र रामेश्वर के रूप में हुई है। वह मंगोलपुरी के I ब्लॉक का रहने वाला था। इस घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई।
मंगोलपुरी के N ब्लॉक पार्क में हुई वारदात
यह वारदात मंगोलपुरी इलाके में N ब्लॉक पार्क में हुई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार 4-5 हमलावरों ने आकाश पर सरेआम चाकू से वार किया। चश्मदीदों के अनुसार आकाश पार्क में खड़ा था, तभी 4 से 5 लड़के वहां अचानक पहुंच गए और आकाश पर चाकू से हमला करने लगे। अपनी जान बचाने के लिए वह नजदीकी घर में घुस गया, लेकिन बदमाशों ने उसे पकड़ लिया और चाकू से ताबड़तोड़ वार किया। जिसके बाद मौके से फरार हो गए। हत्या की यह पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई है।
रेहड़ी लगाने का काम करता था युवक
पुलिस ने बताया कि मृतक युवक रेहड़ी लगाने का काम करता था परिवार के मुताबिक वह घर में इकलौता कमाने वाला था। चश्मीद के अनुसार, हमलावरों की आकाश और उसके दोस्तों के साथ पुरानी रंजिश थी। जिसके कारण हत्या की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर लिया है। आरोपियों को पकड़ने के लिए कई टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। हालांकि अभी हत्या की वजह साफ नहीं हो पाई है। पुलिस की जांच के बाद ही वजह स्पष्ट हो सकेगी।
