Yamuna River: आम आदमी पार्टी (AAP) के नेताओं ने बुधवार को यमुना नदी के किनारे कालिंदी कुंज घाट पर हवन किया। AAP नेताओं ने यह हवन दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मंजिंदर सिंह सिरसा के उस बयान के विरोध में किया जिसमें उन्होंने यमुना के पानी को 'टॉक्सिक' बताया था।
AAP नेता ने क्या कुछ कहा?
AAP विधायक संजीव झा ने मीडिया से बातचीत में कहा कि भाजपा मंत्री के इस बयान से लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।उन्होंने बताया कि हवन के माध्यम से 'भगवान सूर्य' से क्षमा याचना की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि महज दो महीने पहले भाजपा के नेता यमुना के पानी को साफ और स्नान योग्य बता रहे थे, जबकि अब उसे जहरीला कहा जा रहा है।
संजीव झा ने कहा, ''मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा था यमुना में सीवर का पानी है और इसमें स्नान नहीं किया जा सकता है, लेकिन भाजपा सरकार ने इसी यमुना में छठ पूजा कराई थी। आज हमने सूर्य देवता से माफ़ी मांगने के लिए हवन किया और भाजपा सरकार को सद्बुद्धि देने के लिए प्रार्थना की।''
भाजपा पर बरसे AAP नेता
उन्होंने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और भाजपा के अन्य सदस्यों पर लोगों को गुमराह करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भगवान पूरी कैबिनेट को सद्बुद्धि दें। संजीव झा ने कहा, ''भाजपा के लोगों ने गुमराह करके सीवर के पानी से आचमन करने के लिए कहा जिससे हमारी पूजा अशुद्ध हो गई। मैं भगवान भास्कर से अपने सभी पूर्वांचल वासियों की तरफ से माफी मांगता हूं कि भाजपा ने गलत प्रपोगेंडा के कारण हमारी पूरा को अशुद्ध किया।''
'भाजपा सरकार ने किया पाप'
वहीं, सौरभ भारद्वाज ने 'एक्स' पर एक पोस्ट कर भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पाप किया है। भाजपा की सरकार ने पाप किया है। झूठ बोलकर सीवर के पानी से छठी मैया की पूजा और सूर्य भगवान को अर्घ्य दिलवा दिया, ये पाप है।
इससे पहले दिल्ली सरकार में मंत्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा ने कहा था कि वर्तमान भाजपा सरकार पूर्ववर्ती आम आदमी पार्टी सरकार के 11 वर्षों के “कुप्रबंधन और उपेक्षा” से पैदा हुई समस्याओं से निपट रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि यमुना की सफाई, कचरा प्रबंधन, नालों की सफाई, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट, सड़कों और पार्कों के रखरखाव जैसे कई जरूरी काम समय पर नहीं किए गए।
